Ranchi:अरगोड़ा में चाकू मार महिला की हत्या ! घटना के कुछ देर बाद 20 साल के बेटे की भी तीन मंजिल से गिरने से मौत..

–पुलिस जांच में जुटी हत्या किसने की,एफएसएल व डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची,पोस्टमार्टम में हुआ खुलासा तीन जगह चाकू मारे गए…

राँची।राजधानी राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र हाउसिंग कॉलोनी में रविवार देर रात एक महिला सुधा सिन्हा (60) की हत्या कर दी गई। महिला की हत्या चाकू गोद कर की गई है। इसका खुलासा रिम्स में सोमवार को महिला के हुए पोस्टमार्टम में हुआ है। महिला को तीन जगहों पर चाकू लगी है। पेट, गाल और हाथ में महिला को चाकू लगी है। सबसे चकित करने वाली बात यह है कि महिला की मौत के कुछ ही देर बाद उसके पुत्र अरमान दत्त (20) की भी अपने ही घर के तीन मंजिल से गिरने से हो गई। घटना की सूचना अरगोड़ा थाना की पुलिस को रात में ही दी गई। अरगोड़ा थाना की पुलिस के साथ साथ हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा भी पहुंचे। मामले की जांच शुरू हुई। रात में ही दोनों को पुलिस ने रिम्स भिजवाया। लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतक सुधा सिन्हा पेशे से पत्रकार थी। वहीं उनका पुत्र अनगड़ा से इंजीनियरिंग कर रहा था। हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि घटना क्या है।

एफएसएल की टीम को जांच में घटना स्थल से मिला चाकू

घटना के बाद सोमवार को एफएसएल की टीम को बुलाया गया। घर की पूरी जांच की गई। एफएसएल की टीम को वहां से एक चाकू मिला है। जिसे जब्त किया गया है। अब उसकी जांच होगी की उसपर किसके अंगुलियों के निशान है। एफएसएल की टीम ने घटना स्थल से कई फिंगरप्रिंट भी लिए है। जिसकी जांच की जा रही है। जिस कमरे में सुधा सिन्हा को चाकू गोदा गया वहां काफी खून गिरा हुआ था। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया था। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी को भी खंगाल रही है।

पुलिस ने घर वालों से की पूछताछ,आज हो सकता है खुलासा

पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय घर में चार लोग थे। सुधा और पुत्र अरमान के अलावा पति शुभ नारायण दत्त (65) और उनकी बहन कौशल्या थी। पुलिस ने बहन कौशल्या और पति शुभ नारायण दत्त से भी पूछताछ की है। महिला सुधा के पति शुभ नारायण पेशे से अधिवक्ता है। घटना की जानकारी लेने के लिए सोमवार की दोपहर सिटी एसपी शुभांशु जैन भी वहां पहुंचे। घटना के बाद शुभ नारायण दत्त के पड़ोसी भी पहुंच गए थे।

इस घटना को लेकर आशंका जतायी जा रही है कि झगड़ा के दौरान अरमान ने धारदार हथियार से सुधा पर प्रहार किया, जिससे उनके शरीर का कई हिस्सा कट गए।इसके बाद अरमान ने उसी हथियार से खुद को भी नुकसान पहुंचाया। मां की मौत के बाद उसने घर की छत से छलांग लगा कर अपनी जान दे दी।हालांकि इस बात की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।अरमान घर का इकलौता पुत्र था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद अरगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार को परिजनों को सौंप दिया है।पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना एक धारदार हथियार बरामद किया है।हालांकि अरगोड़ा पुलिस मामले में हत्या और आत्महत्या के बिंदु पर जांच में जुट गई है।इधर, पुलिस का कहना है कि शुभ नारायण का बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, अधिवक्ता शुभ नारायण दत्त की बहन कौशल्य देवी ने बताया कि बीते रविवार की रात वे सभी घर पर ही थे।उनकी भाभी सुधा का अक्सर नाक से अत्याधिक खून बहता था। बीते रविवार की रात करीब 12 बजे भी उनके नाक से अचानक खून बहने लगा। अत्याधिक खून बहने की वजह से वह बदहवास हो गयी।उसी कमरे में मौजूद अरमान ने यह देखकर खुद बेहोश हो गया।इसके बाद शुभ नारायण दोनों को बारी-बारी उठाकर सोफा में लेटा दिया। हालांकि अत्याधिक खून बहने की वजह से उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी थी।इसी बीच अरमान होश में आ गया, अपनी मां को मृत देखकर वह सोफे से उठा और दौड़ते हुए छत पर चला गया। वहां से उसने छलांग लगी दी।जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।दौड़ते हुए पिता शुभ नारायण नीचे गए तो देखा कि उनका पुत्र खून से लथपथ स्थिति में पड़ा हुआ। इसके बाद पड़ोसी के साथ मिलकर उन्होंने पास के एक अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।