दहेज लोभियों का तांडव:दहेज में भैंस नहीं मिला तो बहु और उसके भाई को जमकर पीटा,पुलिस बचाने गई तो पुलिस पर भी हमला किया,एएसआई समेत तीन घायल

पटना/आरा। बिहार के भोजपुर जिले में दहेज नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने तांडव मचा दिया। पहले महिला को जमकर पीटा। विदा कराने आए भाई को मारा। सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में एएसआई समेत 3 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जाता है कि मामला रविवार को जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के डेरा गांव की है।बहू धनौती कुमारी उर्फ चांदनी कुमारी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में 11 जून को कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के गणेश राय के पुत्र अजय राय उर्फ सुगा राय के साथ हुई थी। इसी वर्ष 28 अप्रैल को उसका गवना करा कर ससुराल वाले उसे ले आए। ससुराल आने के बाद दूसरे दिन से ही उसके पति ने एक लाख रुपये, एक मोबाइल, एक सोने का लॉकेट और एक भैंस की मांग की। दहेज नहीं मिलने पर पीटने लगे।बीते शनिवार रात भी उसके पति व सुराल वालों द्वारा मांगों को लेकर उसके साथ मारपीट की थी।

बताया गया की रविवार सुबह भी दहेज में भैंस और नगद की मांग को लेकर नवविवाहिता की जमकर पिटाई कर दी गई। उसने इसकी सूचना फोन कर अपने मायके वालों को दी। भाई अपनी बहन के ससुराल गुंडी जय लाल के डेरा गांव पहुंचा और अपनी बहन को वापस घर लाने लगा। तभी उसके पति एवं ससुराल वालों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। उसके कपड़े भी फाड़ दिए। उसने कृष्णागढ़ थाना में जाकर इसकी शिकायत की।
शिकायत मिलने पर जब कृष्णागढ़ थाना में पदस्थापित एएसआई उमेश कुमार मंडल पहुंचे तो ससुराल वालों ने उस एएसआई की भी जमकर धुनाई कर दी। जिससे एएसआई उमेश कुमार मंडल का सिर फट गया। घटना की सूचना मिलते ही कृष्णागढ़ थाना इंचार्ज अरविंद कुमार अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जख्मी एएसआई को सरैया बाजार स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

वहीं बहू और उसके भाई महकमपुर बारा गांव निवासी यदुनाथ राय को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।