झांसी में भीषण सड़क हादसा,अतीक अहमद के बेटे अबान समेत दो की मौत

 

झांसी।उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में अबान के एक साथी ने भी दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। जैसे ही उनकी कार झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास पहुंची, तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल मोठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अबान अहमद और उसके एक साथी को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। अबान अहमद की मौत की खबर फैलते ही प्रशासन सतर्क हो गया और अस्पताल सहित आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!