चोर पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला,एसआई घायल; आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के भूली ओपी क्षेत्र में चोरों को पकड़ने निकली पुलिस टीम पर उस समय हमला हो गया, जब पुलिस एक गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके साथियों की तलाश में छापेमारी करने पहुंची। इस हमले में भूली ओपी के सब-इंस्पेक्टर हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए। उन्हें तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की नियमित गश्ती के दौरान एक संदिग्ध चोर को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में उसने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर बताए गए ठिकाने पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचते ही पहले से तैयार बैठे बदमाशों ने टीम को चारों तरफ से घेर लिया और धक्का-मुक्की के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले में एसआई हरिप्रकाश मिश्रा घायल हो गए। हालांकि अन्य पुलिसकर्मियों ने हालात पर काबू पाया और घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी सक्रिय हो गए। अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और हमले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और हमले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

