पाकुड़:ससुराल में युवक ने पत्नी और सास की तलवार से काटकर की निर्मम हत्या, इलाके में फैली सनसनी

पाकुड़। आपसी रंजिश और गुस्से के बीच पाकुड़ जिले का लिट्टीपाड़ा प्रखंड बुधवार की देर रात खूनी खेल का गवाह बना। झेनागढ़िया गांव में घर जमाई बनकर रह रहे एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और सास को बेहद खौफनाक तरीके से मौत के घाट उतार दिया। जिस दामाद पर पूरे परिवार ने भरोसा जताया था, वही देर रात दो जिंदगियों का जल्लाद बन गया।

​पश्चिम बंगाल की एक फैक्ट्री में मजदूरी करने वाला बीचामहल निवासी एवराब अंसारी बुधवार को ही अपने ससुराल झेनागढ़िया पहुंचा था। देर रात उसका अपनी 22 वर्षीय पत्नी बुलचेहरा बीबी से किसी बात पर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में अंधे हुए एवराब ने तलवार से पत्नी पर सीधा वार कर दिया। बेटी को बचाने दौड़ी 45 वर्षीय सास मेनेजा बेवा पर भी उसने बिना तरस खाए हमला बोल दिया। दोनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।

​गुरुवार की सुबह घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू की। मृतका की मौसी नूरनेहा बीबी के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया औऱ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!