मध्यप्रदेश के डिंडौरी में भीषण सड़क हादसा,14 लोगों की मौत,20 से ज्यादा घायल,अनियंत्रित पिकअप वैन 20 फीट नीचे खेत में जा गिरा….

 

मध्यप्रदेश के डिंडौरी में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है।जिसमें 14 लोगों की दर्दनात मौत हो गई है।वहीं 21 से ज्यादा हादसे में घायल बताए जा रहे हैं।हादसा शाहपुरा थाना की बिछिया पुलिस चौकी अंर्तगत बड़झर घाट पर हुआ है।जानकारी के मुताबिक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से हुआ, 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि बिछिया पुलिस चौकी क्षेत्र के अमाही देवरी गांव के रहने वाले लोग मंडला में चौक कार्यक्रम में गए थे।घुघरी से लौटते समय अचानक पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-20जीबी/ 4146 अनियंत्रित होकर खेत में 20 फीट नीचे जा गिरा। वाहन पलटने से कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

कलेक्टर ने की 14 मौतों की पुष्टि

डिंडौरी कलेक्टर विकास मिश्रा ने हादसे को लेकर कहा, ‘हादसे में 14 लोगों की जानें गई हैं और 21 घायल हैं।घायलों को नजदीकी शाहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है’। बता दें कि घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना कैसे हुई इसपर पुलिस का औपचारिक बयान आना बाकी है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, किया मुआवजे का एलान

डिंडौरी में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की आकस्मिक मौत पर मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ घटना में हताहत लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।’ बता दें कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके डिंडौरी पहुंच रहीं हैं।

हादसे में इनकी गई जान

–मदन सिंह पिता बाबू लाल (उम्र 50 वर्ष)
–प्रीतम पिता गोविंद बरकड़े (उम्र 16 वर्ष)
–पुन्नू पिता रामलाल (उम्र 55 वर्ष)
–भड्डी बाई (उम्र 35 वर्ष)
–सेमबाई पति रमेश (उम्र 40 वर्ष)
–लालसिंह (उम्र 53 वर्ष)
–मुलिया (उम्र 60 वर्ष)
–तितरी बाई (उम्र 50 वर्ष)
–सावित्री (उम्र 55 वर्ष)
–सरजू पिता धनुवा (उम्र 45 वर्ष)
–रागी बाई पति चंदू (उम्र 35 वर्ष)
–बसंती (उम्र 30 वर्ष)
–रामवती (उम्र 30 वर्ष)
–किरपाल (उम्र 45 वर्ष)