लातेहार में खौफनाक वारदात: बंद होटल से उठी बदबू तो खुला पत्नी की हत्या का राज, आरोपी पति गिरफ्तार

लातेहार।शहर के बिजली ऑफिस के पास स्थित एक होटल से शनिवार शाम उठी बदबू ने एक सनसनीखेज पारिवारिक हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान पति ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और होटल में ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

​मृतका की पहचान 48 वर्षीया संगीता देवी के रूप में हुई है, जो अपने पति रवींद्र यादव के साथ मिलकर होटल का संचालन करती थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि गुरुवार या शुक्रवार की रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। नशे की हालत में रवींद्र ने संगीता देवी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी होटल बंद करके भाग निकला, जिसके कारण आसपास के लोगों को घटना की भनक तक नहीं लग सकी।

​शनिवार को जब होटल लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा और अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी, तो स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही शनिवार देर शाम करीब 8:30 बजे एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोलकर देखा गया तो अंदर महिला का शव पड़ा हुआ था।

​पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी रवींद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने पूछताछ में पत्नी की हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!