चुटूपालू घाटी में फिर रफ्तार का कहर, ट्रेलर की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे,एक महिला की मौत, पांच घायल
रामगढ़/राँची। राँचीपटना मुख्य मार्ग की चुटूपालू घाटी रविवार को एक बार फिर भीषण सड़क हादसे से दहल उठी। घाटी में उतर रही एक कार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा की मौसी की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि डीएसपी अकरम रजा के परिवार के सदस्य कार से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान चुटूपालू घाटी में नीचे उतरते समय अचानक अनियंत्रित ट्रेलर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।इधर, दुर्घटना के बाद फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चुटूपालू घाटी से गुजरने वाले यात्रियों को काफी देर तक जाम की स्थिति का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया, ताकि यातायात को जल्द सामान्य किया जा सके। हादसे के कारणों और ट्रेलर के अनियंत्रित होने की स्थिति की जांच की जा रही है।

