हजारीबाग:दो अलग अलग सड़क दुर्घटना में तीन घायल, एक रिम्स रेफर

हजारीबाग।जिले में दो सड़क हादसे दुर्घटना हुई है।बताया जा रहा है कि कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटकमसांडी-चतरा मार्ग पर बलबल के पास और कटकमसांडी हजारीबाग मार्ग पांडेय महुआ के पास दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। इसमें दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना शुक्रवार की देर रात लगभग 11 बजे की है। दोनों ही घटना में बाइक सवार घायल हुए हैं और दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहना था। दोनों घायलों को रिम्स रेफर कर दिया गया।बताया गया कि पहली घटना में चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दंपती जख्मी हो गए। जबकि दूसरी घटना में सड़क पर मरी भैस से टकरा कर एक बाइक सवार सड़क पर गिर गया और वो गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

पहली घटना चतरा जिले के टटरा गांव निवासी निर्मल राणा अपनी पत्नी देवकी कुमारी और दो बच्चों के साथ हजारीबाग से अपने गांव बाइक से जा रहे थे। इसी क्रम में बलबल क्रशर मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे चारपहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सभी सड़क पर गिर गए। निर्मल राणा के सिर पर गंभीर चोट आई है। वहीं, उसकी पत्नी देवकी देवी की जीभ कट कर अलग हो गई। इससे वह बोल नहीं पा रही। उनके दोनों बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।

वहीं,जब घायल दंपती को एंबुलेंस से हजारीबाग ले जा रहे थे तो कटकमसांडी हजारीबाग मार्ग पर पांडेय महुआ के पास पहुंचे तो सड़क पर बाइक समेत एक और घायल व्यक्ति को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। एंबुलेंस रोककर तुरंत घटना की जानकारी थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी को दी। थाना प्रभारी के निर्देश पर पप्पू पांडेय ने सड़क पर पड़े घायल को एंबुलेंस से लेकर उसे भी अस्पताल ले गए। घायल की पहचान कटकमसांडी थाना क्षेत्र के बाझा गांव निवासी पंकज महतो पिता गोपाल महतो के रूप में हुई।

बताया गया कि पंकज महतो अपनी नई बाइक की सर्विस करवा वापस अपने घर हजारीबाग लौट रहा था।सड़क पर रात में एक बड़ी भैंस मरी पड़ी थी। पंकज महतो रात होने के कारण सड़क पर मरी भैंस को नहीं देख पाया और उससे टक्करा गया। इस टक्कर में वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। इधर, निर्मल राणा और पंकज महतो की भी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया। वहीं, थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने बताया कि घटना के बाद फरार वाहन की तलाश की जा रही है। जल्दी वाहन को पकड़ लिया जाएगा। दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था। अगर हेलमेट पहना होता तो शायद सिर पर इतनी चोटें नहीं आती।