राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा हरियाणा का अफीम तस्कर,चार ड्रग्स पैडलर भी दबोचे गए, करोड़ों का डोडा जब्त….

राँची।अफीम तस्करी के खिलाफ राँची पुलिस ने एससपी चंदन कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की है। इस बार पुलिस ने राँची के नामकुम इलाके से साढ़े तीन करोड़ का डोडा (अफीम का फल) बरामद करते हुए हरियाणा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि तुपुदाना होते हुए अफीम की बड़ी खेप राजस्थान के लिए निकलने वाला है।सूचना के सत्यापन के बाद मुख्यालय 1 डीएसपी अमर पांडेय और नामकुम,खरसीदाग थाने की पुलिस ने खूंटी से राँची और राँची से जमशेदपुर जाने वाले सड़क पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान खरसीदाग ओपी के हुआंगहातु के पास एक ट्रक को चेकिंग के लिए रोका गया।

ट्रक की तलाशी लेने पर 158 बोरा डोडा (अफीम का फल) बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार बरामद डोडे की बाजार में अनुमानित कीमत साढ़े तीन करोड़ से अधिक है।छापेमारी के दौरान हरपाल सिंह नाम के अफीम तस्कर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हरपाल सिंह खुद ही ट्रक का मालिक है।उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह राजस्थान के रहने वाले अशोक के कहने पर अफीम लेने के लिए झारखण्ड आया हुआ था।

राँची के पुंदाग इलाके से पकड़े गए चार ब्राउन सुगर तस्कर

वहीं दूसरी तरफ राँची पुलिस ने राँची के पुंदाग इलाके से चार ड्रग्स पैडलर को भी गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार ड्रग्स पैडलर के पास से 237 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया है।गिरफ्तार ड्रग्स पैडलर्स में मतियुल रहमान, फैजल अंसारी, दानिश खान और मो रिजवान शामिल है। 

जारी रहेगा नशे के तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान

राँची एसएसपी चंदन सिंह, सिटी एसपी राज कुमार मेहता और ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि नशे के तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नामकुम से डोडे (अफीम के फल) की बड़ी खेप पकड़ी गई है। वही पुंदाग से चार ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्करों का कनेक्शन अंतरराज्यीय गिरोह से है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।