गुमला:24 घंटे के अंदर आर्मी जवान हत्याकांड का खुलासा,पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार

गुमला।झारखण्ड के गुमला में सेना जवान की हत्या का खुलासा गुमला पुलिस ने 24 घंटे के अंदर कर लिया है।पुलिस ने खोरा जामटोली निवासी आर्मी जवान परना उरांव हत्याकांड का खुलासा करते हुए आर्मी जवान की पत्नी और उसके प्रेमी को गिऱफ्तार कर लिया है।बताया जाता है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से पति की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आर्मी जवान की हत्या के मामले में उसकी पत्नी बुद्धेश्वरी देवी व खोरा जामटोली निवासी विनय लकड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।इस सम्बंध में एसडीपीओ मनीषचंद्र लाल व इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी।

बताया कि आर्मी जवान परना उरांव व उसकी पत्नी बुद्धेश्वरी देवी के बीच अवैध संबंध के शक लेकर बराबर विवाद होता रहता था।आये दिन इन दोनों के बीच नोक-झोंक होती रहती थी।आर्मी जवान परना उरांव दिल्ली में पोस्टेड था।कुछ दिन बाद वह सेना से रिटायर्ड होने वाला था। इसके बाद परना उरांव अपने घर में रहने का प्लान बना रहा था। इसी कारण बुद्धेश्वरी देवी अपने पति परना उरांव को छोड़ना चाहती थी या फिर किसी प्रकार उसे रास्ते से हटाना चाहती थी।

बताया गया कि 11 जनवरी की रात को दोनों पति-पत्नी के बीच नोंक-झोंक हुई थी।इसके बाद बुद्धेश्वरी ने लोहे की रॉड से अपने पति के सिर पर वार कर घायल कर दिया था।परना उरांव के सिर से बहुत अधिक खून निकलने लगा, जिसे देख कर बुद्धेश्वरी घबरा गयी। इसके बाद वह अपने प्रेमी विनय लकड़ा से संपर्क की और उसे बुलायी।इसके बाद बुद्धेश्वरी व विनय ने मिलकर योजना बनायी।योजना के तहत परना उरांव पर अपराधियों ने हमला किया है।ऐसा रूप दिया गया।इसके लिए घर की कुंडी को क्षतिग्रस्त किया गया।इसके साथ ही घर के सामान को भी इधर-उधर किया गया। इसके बाद बुद्धेश्वरी ने अपने परिवार व स्थानीय लोगों को नयी कहानी बनाकर अपने आप को बचाते हुए घटना के बारे में बतायी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से रात को परना उरांव को सदर अस्पताल गुमला लाया जा रहा था, लेकिन हॉस्पिटल पहुंचने से पूर्व ही सेना के जवान परना उरांव की मौत हो गयी।

वहीं एसडीपीओ ने बताया कि घर व पति पर अपराधी हमला का रूप देने के लिए बुद्धेश्वरी देवी ने खुद को घायल कर ली थी।इसके बाद रिश्तेदारों की मदद से वह घायल पति के साथ अस्पताल पहुंची। जहां वह भर्ती हो गई।पति परना उरांव की हत्या करने के बाद से बुद्धेश्वरी उरांव डरी हुई थी।वह शुरू में पुलिस व पत्रकारों को झूठी कहानी बतायी।अपने घर पर अपराधियों द्वारा हमला करने की मनगढ़ंत जानकारी दी। बुद्धेश्वरी अपने की हत्या कर उनके द्वारा जमा की गयी संपत्ति और नौकरी हासिल करना चाहती थी।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को जब परना उरांव की हत्या की जानकारी मिली तो पुलिस ने शुरू में ही भांप लिया था कि उसकी हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गयी है।इसलिए पुलिस ने बुद्धेश्वरी का प्राथमिक उपचार कराकर उसे गिरफ्तार कर लिया था और पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।