प्रेमी से शादी की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ी लड़की, चार थानों की पुलिस सहित दर्जनों जवानों ने किया रेस्क्यू…

डेस्क टीम।बिहार के वैशाली जिले के महनार स्टेशन रोड पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की जिद में 132 केवी (हजार वोल्ट) के बिजली टावर पर चढ़ गई। युवती ने साफ कहा कि जब तक उसकी शादी उसके बॉयफ्रेंड से नहीं कराई जाएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब चार थानों की पुलिस और 100 से अधिक जवानों को तैनात किया गया। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस थाने लेकर गई।

माइक से मनाने की कोशिश, ‘एक घंटे में शादी करवा देंगे’

रेस्क्यू के दौरान एक दरोगा ने माइक के जरिए युवती को समझाने की कोशिश की। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, ‘बाबू, मेरी बात समझो और नीचे आ जाओ। तुम जो कहोगी वही करेंगे, एक घंटे में तुम्हारी शादी करवा देंगे।’ इसके बावजूद युवती टावर से उतरने को तैयार नहीं हुई।

प्रेमी को बुलाया गया, फोन पर चल रही बातचीत

युवती की पहचान इशाकपुर टेक निवासी मुस्कान के रूप में हुई है, जबकि उसके प्रेमी का नाम मुन्ना बताया जा रहा है, जो कपड़ा व्यवसाय से जुड़ा है। पुलिस ने प्रेमी को भी मौके पर बुलाया। युवती के पास मोबाइल फोन था और वह लगातार अपने बॉयफ्रेंड से बातचीत कर रही थी। पुलिस भी फोन के जरिए उसे समझाने का प्रयास कर रही थी।

अंधेरा बना रेस्क्यू में बाधा, लाइट की व्यवस्था

घटना के दौरान शाम होते-होते अंधेरा बढ़ने लगा, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आने लगी। इसे देखते हुए प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था कराई, ताकि ऑपरेशन को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

लोगों की भीड़, हर कोई देखता रहा नजारा

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए और घंटों तक इस नजारे को देखते रहे। सोशल मीडिया पर भी यह घटना तेजी से वायरल होने लगी। यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।कुछ लोग इसे प्रेम की दीवानगी बता रहे हैं, तो कुछ इसे खतरनाक जिद मान रहे हैं।

error: Content is protected !!