राँची पुलिस के हत्थे चढ़ा चार अपराधी, बस चालक से रंगदारी और फायरिंग मामले में दबोचा गया…
राँची।राजधानी में बस चालक से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने का मामला सामने आया है।पुलिस की तत्परता से घटना के तुरंत बाद एक आरोपी को हथियार के साथ दबोच लिया गया है।जबकि फरार अन्य आरोपियों को भी बाद में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया। घटना अरगोड़ा चौक के पास हुई घटित हुई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,राँची से नालंदा जा रही ‘जीवन ज्योति’ नाम की बस नो इंट्री के कारण अरगोड़ा चौक से पहले रुक गई थी।इसी दौरान तीन आरोपी बस के पास पहुंचे। इनमें से दो आरोपी बस में चढ़ गए और चालक की कनपटी पर हथियार रखकर रंगदारी मांगने लगे।चालक ने विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जिसमें ड्राइवर बाल-बाल बच गया।
घटना के वक्त अरगोड़ा चौक पर मौजूद पुलिस गश्ती दल और ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत बस की ओर दौड़े।पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे लेकिन एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ मौके पर ही पकड़ लिया गया। जबकि दो अन्य आरोपी भागने में सफल रहे।
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी (नगर) के मार्गदर्शन में हटिया नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए फरार दो आरोपियों और हथियार उपलब्ध कराने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार सोनी, अभिजीत कुमार उर्फ अन्नो सिंह, नितिन पांडेय उर्फ अमन और गोलू राम उर्फ गोलू बाल्मोकी के रूप में हुई है। इनमें से कुछ आरोपी बिहार के गया और नवादा जिले के रहने वाले हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कुंदन कुमार सोनी का पूर्व में हत्या के मामले में भी आपराधिक इतिहास रहा है। घटना के बाद राजधानी में बस चालकों और परिवहन व्यवसायियों के बीच दहशत का माहौल है।हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि मामले में शामिल सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
