बोकारो:बिल्डर के आवास पर फायरिंग,तीन खोखा व गोली बरामद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस…

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र की तारानगर कॉलोनी में रहनेवाले बिल्डर विनोद सिंह के आवास पर अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की और गाली-गलौज करते हुए फरार हो गये। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस घटना की सूचना बिल्डर ने चास थाना इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम को फोन पर दी।इंस्पेक्टर के निर्देश पर चास पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।जांच पड़ताल के दौरान घटनास्थल से तीन खोखा व एक गोली बरामद की गयी। शनिवार को बिल्डर ने चास थाने में अज्ञात के खिलाफ आवेदन दिया।पुलिस जांच में जुट गयी है। पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि अपराधी जल्द गिरफ्त में होंगे

जानकारी के अनुसार तारानगर में रहनेवाले बिल्डर विनोद सिंह रोजाना की तरह खाना खाकर सो गये थे।शुक्रवार लगभग 12 बजे रात्रि को अचानक घर के समीप किसी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।इसके बाद एक के बाद एक तीन बार फायरिंग की।जब तक विनोद सिंह के घरवाले कुछ समझ पाते।तब तक बाइक स्टार्ट कर उनके जाने की आवाज सुनाई पड़ी।विनोद सिंह ने चास थाने को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम आयी. घरवाले बाहर निकले, तो देखा कि दीवार पर एक गोली का निशान है।

खोजबीन के क्रम में बोकारो पुलिस को गोली का तीन खोखा व एक पिस्टल की गोली मिली है। इंस्पेक्टर खुर्शीद ने रात को ही मामले की तहकीकात शुरू कर दी।शनिवार की सुबह चास थाने की एक टीम स्थल पर पहुंची। आवास के समीप लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया, तो पता चला कि वह खराब है।आस-पास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इंस्पेक्टर खुर्शीद ने बताया कि इस वारदात में दो या दो से अधिक अपराधी हो सकते हैं। जांच शुरू कर दी गयी है। अपराधियों को जल्द गिफ्तार कर लिया जाएगा।सभी एंगल से जांच शुरू कर दी गयी है।घटना को लेकर पुलिस अलर्ट मोड में है।