बिहार के किशनगंज DSP गौतम कुमार के कई ठिकानों पर EOW का छापा, आय से अधिक संपत्ति का मामला..
किशनगंज। बिहार के किशनगंज में DSP गौतम कुमार के 6 ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOW) की छापामारी चल रही है। उन पर आय से 60 फीसदी अधिक आय जुटाने का आरोप है। इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।डीएसपी गौतम कुमार ने अपने महिला मित्र शगूफ्ता खातून के नाम कई भूखंड खरीदे, फिर महिला मित्र ने डीएसपी के बेटों को सभी भूखंड गिफ्ट कर दिए।
सहरसा में DRDO निदेशक वैभव कुमार के छह ठिकानों पर भी आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी। वैभव कुमार के सहरसा एवं मुज्जफरपुर स्थित छह ठिकानों पर छापामारी चल रही है। इन पर आय से सत्तर फीसदी से अधिक का आय जमा करने का मामला आर्थिक अपराध इकाई ने दर्ज किया है।
दरअसल, आर्थिक अपराध इकाई को इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की गुप्त सूचना मिली थी। प्राप्त सूचना के सत्यापन के बाद आर्थिक अपराध इकाई ने दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में केस दर्ज किया और निगरानी की स्पेशल कोर्ट से तलाशी का आदेश लिया। इसके बाद दोनों भ्रष्ट अधिकारियों के 12 अलग-अलग स्थानों पर तलाशी की कार्यवाई की जा रही है।
जांच में आर्थिक अपराध इकाई को किशनगंज में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के पद पर तैनात गौतम कुमार के खिलाफ आय से एक करोड़ चौरानवे लाख नौ हजार दो सौ चवालीस रूपये अधिक सम्पति अर्जित करने के साक्ष्य मिले, जो उनके ज्ञात आय से लगभग 60.27% अधिक है। इस क्रम में मंगलवार 31 मार्च की सुबह गौतम कुमार के पटना, पूर्णिया, किशनगंज अवस्थित कुल 06 ठिकानों पर अलग-अलग टीम द्वारा तलाशी कार्यवाई शुरू की गई है।
वहीं आर्थिक अपराध इकाई वैभव कुमार, निदेशक, DRDA, सहरसा के विरूद्ध कुल 2,41,14,000/-रू0 (दो करोड़ एकतालीस लाख चौदह हजार) रूपये आय से अधिक सम्पति अर्जन करने का साक्ष्य पाया गया है, जो उनके ज्ञात आय से लगभग 78.03% अधिक है। इसको लेकर वैभव कुमार के सहरसा एवं मुजफ्फरपुर अवस्थित कुल 06 ठिकानों पर अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।

