दुमका:अवैध सम्बन्ध का आरोप लगाकर महिला और पुरुष को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया,पेड़ से बांधकर पीटा,पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ़्तार

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के नयाडीह पंचायत के गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है।बताया जा रहा है कि अवैध संबंध के आरोप में ग्रामीणों ने चार बच्चे की माँ को उसके प्रेमी के साथ गांव में निर्वस्त्र घुमाया।उसके बाद दोनों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पूरी रात पीटा गया। इसी बीच पुलिस को मामले की सूचना मिल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को छुड़ा लिया। घायल अवस्था में दोनों को फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। ये घटना रविवार देर रात की है।इधर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पीड़िता के अनुसार,रात में वह शौच कर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के 8-10 लोगों ने पकड़ कर पेड़ से बांध दिया। जहां ग्रामीणों ने पहले से सुनील नाम के व्यक्ति को महिला का कथित प्रेमी बताते हुए पेड़ से बांध रखा था। इसके बाद दोनों को पीटा गया। घटना को अंजाम देने के बाद ग्रामीणों ने मामले को दबाने की कोशिश की। महिला और उसके प्रेमी पर पुलिस के सामने बयान नहीं देने का दबाव बनाया गया। बयान देने पर जान से मारने की धमकी दी गई, लेकिन मामला उजागर हो गया।

बताया जा रहा है कि इस घटना को अंजाम देने में गांव के 2 दर्जन से ज्यादा लोग शामिल थे। भीड़ की हिंसा की शिकार हुई महिला आदिवासी समुदाय की बताई जा रही है। सजा पाने वाली महिला व पुरुष दोनों शादीशुदा हैं। दोनों के परिवार के बीच बेहतर रिश्ते हैं। इस लिए यह लोग एक दूसरे से मुलाकात होने पर अक्सर बातचीत करते थे।

इधर कुछ ग्रामीणों के द्वारा दावा किया जा रहा है कि यह बात कुछ लोगों को दोनों परिवारों में अच्छे सम्बन्ध होने से खटक रही थी। लिहाजा गांव के कुछ लोगों ने एक गुप्त पंचायत कर दोनों को तालिबानी सजा देने का फैसला किया। इस सजा के अमल की जिम्मेदारी गांव के ही कुछ लोगों को दी गई।

कुछ लोगों का दावा है कि रविवार को दोनों बात कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने इन्हें घेर लिया। फिर दोनों के कपड़े निकाल दिए। निर्वस्त्र करने के बाद इन्हें रस्सी में बांधकर पूरे गांव में घुमाया गया। इतने से भी जब इन लोगों का मन नहीं भरा तो पेड़ में दोनों को बांधकर पीटा गया। इसमें दोनों को गंभीर चोट आई है।