राँची एसएसपी ऑफिस में रामनवमी को लेकर डीजीपी ने की हाई-लेवल मीटिंग, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर दिए कई निर्देश..
राँची।झारखण्ड के डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बुधवार की रात राँची एसएसपी के गोपनीय कार्यालय पहुंचीं।जहां राँची पुलिस के अधिकारियों के साथ हाई लेवल बैठक की है।राज्य में आगामी रामनवमी के त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और तैयारियों की समीक्षा करने के लिए यह महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी।इस समीक्षा बैठक में डीजीपी के साथ एडीजी सीआईडी सह राँची जोनल आईजी मनोज कौशिक भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।एसएसपी कार्यालय में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में राँची के एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के अलावा सभी डीएसपी और जिले के तमाम थाना प्रभारी शामिल हुए
डीजीपी तदाशा मिश्र ने रामनवमी जुलूस और त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए।डीजीपी ने निर्देश दिया कि शहर के उन इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए जो सांप्रदायिक या सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील हैं।भ्रामक खबरों और अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने को कहा गया है।। किसी भी भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया गया है। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र के चिह्नित असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान डीजीपी ने रामनवमी जुलूस के निर्धारित रूट का भौतिक सत्यापन करने और समय सीमा का सख्ती से पालन कराने की बात कही गई। बैठक के दौरान एडीजी मनोज कौशिक ने भी स्थानीय पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में पैदल गश्त बढ़ाने और आम जनता के साथ समन्वय स्थापित करने की सलाह दी। एडीजी ने साफ कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहना होगा।

