गुमला:कुएं से नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका का शव बरामद, हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस….

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में घाघरा थाना क्षेत्र के डुको पीपर टोली गांव के एक कुएं से शनिवार को पुलिस ने नाबालिग प्रेमी युगल का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान गांव के 16 वर्षीय लड़का (राजू- काल्पनिक नाम ) व 16 वर्षीय लड़की (सोनी- काल्पनिक नाम) के रूप में की गई।परिजनों के अनुसार दोनों शुक्रवार की रात से घर से गायब थे।मृतक किशोरी के घर के महज सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं में शव होने की सूचना एक किसान ने ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।सूचना मिलते ही घाघरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। एएसआई रामनाथ टुडू ने घटना स्थल पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या स्पष्ट हो पायेगा। फिलहाल पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।मिली जानकारी के अनुसार दोनों किशोर-किशोरी में प्रेम संबंध था। किशोरी गर्भवती होने की भी बात आ रही है।घटना को लेकर गांव में लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।हत्या या आत्महत्या को लेकर फिलहाल संशय बनी हुई है। पुलिस मृतक लड़का पिता और लड़की के पिता से पूछताछ कर रही है।