राजधानी राँची में अपराधियों का बोलबाला, एक खुलासा हुई नहीं कि दूसरे को मार डाला।

  • ★महिंद्रा फाइनेंस के कर्मचारी मुकेश जालान की गोली मार कर हत्या
  • ★सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित किशोरगंज रोड 1 में अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

रांची। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित किशोरगंज रोड 1 में अपराधियों ने महिंद्रा फाइनेंस के कर्मचारी मुकेश जालान की गोली मार कर हत्या कर दी। बाइक सवार छह अपराधी ने मुकेश को गोली मारा है। घटना गुरुवार रात करीब दस बजे की है। मुकेश को बाइक सवार अपराधी ने पीठ में एक गोली मारा। जिसके बाद वह जमीन पर गिर गया। गोली की आवाज़ इतनी जोरदार थी कि मोहल्ले के लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल गए। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी।


पुलिस के अनुसार किशोरगंज के रहने वाले मुकेश जालान अपर बाजार स्थित अपने भाई की दुकान से पैदल घर लौट रहे थे। वह किशोरगंज रोड नंबर 1 पर पहुंचे, तभी बाइक से आए तीन अपराधी ने पहले रेकी की। इसके बाद दूसरे बाइक पर सवार तीन अपराधी ने गोली मारा। गोली मारने के बाद अपराधी पहाड़ी टोला की ओर तेजी से भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े, तब तक मुकेश खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उठाकर मुकेश जालान को सेवा सदन अस्पताल पहुंचाया। जहाँ से आर्किड अस्पताल रेफर कर दिया।

आर्किड अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टर ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सिटी एसपी सौरभ, कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल, सिटी डीएसपी अमित कुमार सिंह, सदर डीएसपी दीपक पांडे, सुखदेवनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार, कोतवाली इंस्पेक्टर बृज कुमार, हिंदपीढ़ी इंस्पेक्टर अनिल कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। हालांकि देर रात तक अपराधियों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला था।

पहले से रेकी कर रहे थे अपराधी :

स्थानीय लोगों के अनुसार दो बाइक पर तीन-तीन सवार होकर 6 अपराधी मौके पर पहुंचे थे। जो पहले से किशोरगंज रोड नंबर एक पर रेकी कर रहे थे। जैसे मुकेश जालान रोड नंबर 1 पर पहुंचे। उन पर एक बाइक पर सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पहाड़ी टोला की ओर तेजी से भाग निकले। अपराधियों के भागने वाले इलाकों में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

फाइनेंस और सीजर दोनों विभाग में काम करते थे मुकेश

मुकेश के परिजनों ने पुलिस को बताया है कि मुकेश करीब 8 साल से महिंद्रा फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। फाइनेंस के अलावा सीजर विभाग का भी काम देखते थे। पुलिस फाइनेंस कंपनी के विवाद सहित अन्य विवादों को खंगाल रही है। हालांकि अब तक कोई भी विवाद सामने नही आया है।

घटना के बाद परिजन पहुंचे आर्किड अस्पताल

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक मुकेश जालान की पत्नी सहित अन्य परिजन आर्किड अस्पताल पहुचे। हालांकि परिजनों के पहुंचने से पहले मुकेश ने दम तोड़ दिया था। आर्किड अस्पताल में परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मुकेश किशोरगंज में ही पत्नी के साथ रहते थे।

‘कई पहलुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
सौरभ, सिटी एसपी रांची।