हाजत से फरार हुआ अपराधी, पुलिस पर बरसाई गोलियां; फिल्मी अंदाज में एनकाउंटर, गोलियों से छलनी होकर नंदी ढेर
डेस्क/अमृतसर। पुलिस कस्टडी से फरार होकर एएसआई को गोली मारने वाले आरोपी करणजीत सिंह उर्फ नंदी का शनिवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में अंत हो गया। अमृतसर देहात पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान उसे घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, रुकने का इशारा करने पर नंदी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि बुधवार रात नंदी पुलिस कस्टडी से फरार हुआ था। फरार होने के दौरान उसने एएसआई जसवंत सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार तड़के गुप्त सूचना पर झंडेर के पास कंदोवालिया गांव में नाकाबंदी की गई। बाइक से पहुंचे नंदी को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के अनुसार उसने गोलियां चला दीं।
क्रास फायरिंग में पुलिसकर्मी भी घायल
मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल अमृतपाल सिंह की जांघ में गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने मौके से बाइक और अवैध पिस्तौल बरामद की है। आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

