CRIME:खालिस्तानी संगठनों को हथियार सप्लाई करने वाला गिरोह,झारखण्ड में अमन साहू गिरोह को कर रहा था हथियार सप्लाई,दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो को किया गिरफ्तार तो हुआ खुलासा

–सोशल मीडिया के जरिए हथियार के लिए करते थे संपर्क, वर्चुअल नंबर को होता था इस्तेमाल,

–स्पेशल सेल ने 18 ऑटोमेटिक पिस्टल व 60 कारतूस किए जब्त

— मध्य प्रदेश में बनता है अत्याधुनिक पिस्टल, झारखण्ड के अलावा, दिल्ली, पंजाब, राजस्‍थान में करते थे सप्लाई

–25 हजार में बिकने वाले हथियार ऐसे कि असली और नकली अंतर करना मुश्किल

राँची।खालिस्तानी संगठनों को हथियार सप्लाई करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह झारखण्ड में अमन साहू गिरोह को हथियार सप्लाई कर रहा था। इसका खुलासा 26 अगस्त को तब हुआ जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के दो सदस्यों राजेंद्र सिंह बरनाला (22) और बबलू सिंह (30) को गिरफ्तार किया। ये मध्य प्रदेश के रहने वाले है। दोनों ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के समक्ष कबूल किया है कि वे झारखंड के अमन साहू और सुक्खा गिरोह को भी हथियार सप्लाई कर रहे थे। अमन साहू गिरोह झारखंड के कई जिलों रांची, लातेहार और कोयलांचल क्षेत्र की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। हालांकि गैंगस्टर अमन साहू जेल में बंद है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इन दोनों के पास से 18 पिस्टल और 60 कारतूस जब्त किए है। इन दोनों ने स्पेशल सेल को बताया कि हथियार सप्लाई के लिए ये सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते थे। सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बना कर हथियार का वीडियो और फोटो अपलोड करते थे और अपराधी गिरोह से संपर्क करते थे। अपराधियों तक हथियार सप्लाई के लिए वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल होता था। ताकि पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाए।

मध्य प्रदेश में बन रहा है अत्याधुनिक पिस्टल, 25 हजार में हो रही है सप्लाई

गिरफ्तार हथियार सप्लायरों ने बताया कि मध्य प्रदेश में अत्याधुनिक पिस्टल तैयार हो रहा है। जिसे देखने पर असली और नकली में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। मात्र 25 हजार रुपए में ही ये हथियार अपराधी गिरोह को बेचा जा रहा है। जो काफी सस्ता है। इसलिए झारखण्ड के अपराधी गिरोह के अलावा दिल्ली, पंजाब व राजस्थान में भी इसकी मांग काफी है। सोशल मीडिया की वजह से अपराधी गिरोह से संपर्क करने व हथियार बेचने में भी ज्यादा परेशानी नहीं आती। दोनों ने स्पेशल सेल को बताया है कि विगत एक साल से ये हथियार की सप्लाई कर रहे थे।

हथियार सप्लायरों के संबंध में जानकारी के लिए झारखण्ड पुलिस कर सकती है अब संपर्क

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से हथियार सप्लायरों के संबंध में अधिक जानकारी के लिए अब झारखण्ड पुलिस संपर्क कर सकती है। दोनों सप्लायरों ने जो बयान दिए है कि वे एक साल से हथियार सप्लाई कर रहे है, इसलिए अब झारखण्ड पुलिस के लिए ये महत्वपूर्ण हो जाता है कि इस बात की जानकारी एकत्र की जाए कि दोनों ने कितने हथियार अमन साहू गिरोह को इन लोगो ने सप्लाई किए है।