बोकारो पुलिस ने अवैध गन फैक्ट्री मामले में फरार 2 आरोपी को किया गिरफ्तार…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो पुलिस ने कोलकाता एटीएस और राँची एटीएस के सहयोग से गांधीनगर ओपी के जरीडीह उपर बाजार कलाली रोड स्थित सूरज कुमार साव के कावेरी मैरेज हॉल के सामने बने गोदाम में 19 और 20 जून की दरम्यानी रात छापेमारी की।छापेमारी के दौरान गोदाम में संचालित मिनी गन फैक्ट्री का उदभेदन हुआ। पुलिस ने मैरेज हॉल से अवैध केन बीयर, विभिन्न कंपनियों की शराब के स्टिकर, ढक्कन आदि जब्त किये थे इसी मामले में पुलिस ने शनिवार (28 जून 2025) को 2 और वांछित अपराधियों जरीडीह उपर बाजार के सूरज कुमार साव (36) और लहरियाटांड़ के सूरज प्रजापति (31) को गिरफ्तार किया है।दोनों गिरफ्तार अपराधियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।साथ ही अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। यह जानकारी एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार को एसपी कार्यालय में पत्रकारों को दी।
एसपी ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए बेरमो एसडीपीओ बीएन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था।छापेमारी दल में बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह, गांधीनगर ओपी प्रभारी धनंजय कुमार सिंह, पुअनि रवि नारायण झा, पुअनि बिलफेड लकड़ा के अलावे गांधीनगर थाना का सशस्त्र बल के जवान शामिल हैं।
इस दल ने 19 और 20 जून की दरम्यानी रात को घटनास्थल से अवैध पिस्टल बनाने वाले 2 लोगों को गिरफ्तार किया।इनमें एक बिहार के मुंगेर जिला स्थित कासिम बजार थाना के हेरू दियारा निवासी प्रवीण कुमार (50) और दूसरा खगड़िया जिला स्थित डोगरी जमालपुर थाना के बड़ी मलिया निवासी केशव कुमार (28) था।दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।इस संबंध में बेरमो (गांधी नगर) थाना में कांड संख्या 79/25 दर्ज किया गया है।
गांधीनगर थाना क्षेत्र के जरीडीह उपर बाजार कलाली रोड निवासी सूरज कुमार साव (36) पर बिहार के गया जिला स्थित बाराचट्टी थाने में 22 मार्च 2022 को कांड संख्या 256/2022 और झारखण्ड के गिरिडीह जिला स्थित सरिया थाने में 18 अप्रैल 2022 को कांड संख्या 65/2022 दर्ज है।बीटीपीएस थाना क्षेत्र के लहरियाटांड़ निवासी सूरज प्रजापति (31) पर बिहार के मुंगेर स्थित नया रामनगर थाने में कांड संख्या 83/2024 दर्ज है।

