राँची में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ा अभियान: 5 तस्कर गिरफ्तार, 27.89 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

 

राँची। राजधानी राँची में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष जांच दल ने हिन्दपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 27.89 ग्राम ब्राउन शुगर, नकदी, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, शहर के विभिन्न इलाकों में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) के नेतृत्व में संयुक्त एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।

हिन्दपीढ़ी में रंगेहाथ पकड़ाए दो आरोपी

मरवाड़ी कॉलेज के समीप छोटा तालाब के पास एक अर्द्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर मो. एहतेशाम और मो. शहादत को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 1.29 ग्राम ब्राउन शुगर और नकदी बरामद की गई। दोनों के खिलाफ हिन्दपीढ़ी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सुखदेवनगर में सबसे बड़ी बरामदगी

एसआईटी ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मुड़ला पहाड़, हेहल के पास कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र कुमार सिंह और राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 18.6 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और एक सीएनजी ऑटो जब्त किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जेपीएससी कार्यालय के पास भी कार्रवाई

कोतवाली थाना क्षेत्र में जेपीएससी कार्यालय के बगल से राजकुमार पुराण को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 8 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

कई आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। राजकुमार पुराण के खिलाफ चोरी सहित दो पुराने मामले दर्ज हैं, जबकि मो. शहादत पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज रहे हैं। मो. एहतेशाम भी पूर्व में गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी रह चुका है।

पुलिस का सख्त संदेश

राँची पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। एसआईटी को आगे भी ऐसे नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एक नजर में बरामदगी:
कुल गिरफ्तार आरोपी: 5
कुल बरामद ब्राउन शुगर: 27.89 ग्राम
नकदी बरामद
मोटरसाइकिल: 1
सीएनजी ऑटो: 1
मोबाइल फोन: 1

error: Content is protected !!