नशे में कोबरा से पंगा पड़ा महंगा, हाथ-पैर में डसा; समय पर इलाज से बची जान

 

चाईबासा।पश्चिम सिंहभूम जिले के पुरुनियाँ गांव में एक व्यक्ति को नशे की हालत में कोबरा सांप को पकड़ने की कोशिश करना भारी पड़ गया। सांप के साथ जोखिम भरा खेल खेलने के दौरान कोबरा ने उसे हाथ और पैर में डस लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।

जानकारी के अनुसार, पुरुनियाँ निवासी कृष्णा होनहागा (40) नशे की अवस्था में कोबरा को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सांप ने अचानक हमला कर उन्हें दो जगह काट लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

गांव के युवा बागुन होनहागा ने तत्परता दिखाते हुए घायल कृष्णा को तुरंत बासाहातु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. आलोक रंजन महतो ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि मरीज की गंभीर स्थिति और अस्पताल में ऑक्सीजन सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया।चाईबासा सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल एंटी-वेनम इंजेक्शन देकर उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से कृष्णा की हालत में अब काफी सुधार बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर खूंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा भी सदर अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से मरीज की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से सांपों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि रात में मच्छरदानी का उपयोग करें, अंधेरे में बाहर निकलते समय टॉर्च साथ रखें और सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या ओझा-गुनी के भरोसे न रहें। ऐसे मामलों में बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर वैज्ञानिक उपचार कराना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।

error: Content is protected !!