राँची के तमाड़ में सैलून की आड़ में चल रहा था अवैध गांजे का धंधा, 3.9 किलो गांजे के साथ दुकानदार गिरफ्तार

​राँची।राँची पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। तमाड़ थाना क्षेत्र में एक सैलून दुकान की आड़ में चल रहे अवैध गांजे के काले कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 3.9 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए सैलून संचालक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।

​यह मामला तमाड़ थाना कांड संख्या 36/2026 (दिनांक 21.06.2026) से जुड़ा है, जो धारा 20 NDPS Act के तहत दर्ज किया गया है। रविवार (21 जून) को पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि ‘माँ होटल’ के पास पतरा जंगल की ओर जाने वाली सड़क के किनारे स्थित एक गुमटीनुमा सैलून दुकान में अवैध गांजे की खरीद-बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। सैलून का मालिक खुद इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था।

​सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से चिन्हित सैलून दुकान पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को दुकान से करीब 3.9 किलोग्राम गांजा जैसा नशीला पदार्थ मिला। जब पुलिस ने दुकान मालिक से इस संबंध में वैध कागजात या गांजे के बारे में पूछताछ की, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गांजे को विधिवत जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

​गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तीजनाथ हजाम (उम्र 44 वर्ष), पिता- गोवर्धन हजाम के रूप में हुई है। वह तमाड़ थाना क्षेत्र के ही देउड़ी गाँव का रहने वाला है।

​इस सफल और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से निम्नलिखित अधिकारी व जवान शामिल थे:
​अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), बुण्डू, राँची
​पु0अ0नि0 दुलाल कुमार महतो (थाना प्रभारी, तमाड़ थाना, राँची)
​स0अ0नि0 कुलदेव ताँती (तमाड़ थाना, राँची)
​तमाड़ थाना के सशस्त्र बल के जवान

error: Content is protected !!