हो जाइए सावधान! सूबे में तेजी से बढ़ती कोरोना मरीजों की संख्या पहुँची 476

राँची, 28 मई। झारखण्ड में वैश्विक महामारी कोविड 19 यानी कि कोरोना वायरस का प्रकोप बेतहासा बढ़ता ही जा रहा है। झारखण्ड में कोरोना संक्रमित पहला मरीज 31 मार्च 2020 को मिला था। आज 28 मई 2020 को यानी कि लगभग दो महीने बाद राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 476 है। राज्य में अबतक कोरोना वायरस के चपेट में आने से 4 मौतें भी हो चुकी है। जबकि 191 कोरोना संक्रमित मरीज अस्पताल से स्वस्थ होकर अपने घर भी लौट चुके हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में फिलहाल कोरोना वायरस संक्रमण के 281 सक्रिय मरीज हैं।

झारखण्ड में 28 मई गुरुवार को रात 10:30 pm तक 18 नये कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इससे पहले बुधवार 27 मई को झारखण्ड में 21 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद यह आंकड़ा 458 पर था। आज पुष्टि किये गए 18 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को मिलाकर राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 476 हो गये हैं। गुरुवार को राजधानी राँची में दो कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से एक कोरोना मरीज कांके प्रखंड की चांदनी चौक इलाके की रहने वाली एक गर्भवती महिला है। जबकि राँची का दूसरा कोरोना पॉजिटिव मरीज नामकुम थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नगर केतारी बागान इलाके का रहने वाला है, जो चंद दिनों पहले दिल्ली के मेदांता अस्पताल से इलाज कराकर राँची लौटा था।

राँची के अलावा छह अन्य जिलों में कोरोना संक्रमण के नए मामलों की पुष्टि हुई है। गुमला जिला से तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। जिसमें 2 बसिया क्षेत्र और 1 गुमला से मिले कोरोना पॉज़िटिव मरीज फिलहाल मेडिका, राँची में ईलाजरत है। इसके अलावा गुरुवार को झारखण्ड में धनबाद से 1, बोकारो जिला से 3 कोरोना मरीज की पुष्टि हुई है। इसमें से दो प्रवासी मजदूरों में से एक कानपुर तो दूसरा व्यक्ति महाराष्ट्र से लौटा है। 28 वर्षीय और 36 वर्षीय दोनो मरीजों को गोमिया के संस्थागत क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया है। गिरिडीह से 1, गढ़वा से 2, जमशेदपुर से 6 कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। दिन में जमशेदपुर के चाकुलिया से दो केस की पुष्टि हुई थी जबकि देर शाम को जमशेदपुर में 4 नए कोरोना मरीजों की हुई है। नए पाए गए चारो मरीज घाटशिला, बागबेड़ा, परसुडीह और बोड़ाम क्षेत्र के रहने वाले हैं।