60 साल की उम्र में फूफा दूसरी शादी करना चाहता था,भतीजा विरोध करता था,फूफा ने भतीजे की टांगी से काटकर हत्या कर दी….

राँची।जिले के मांडर थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के निकट एक सनकी अधेड़ व्यक्ति ने अपने घर में कृष्णा मुंडा उर्फ बबलू मुंडा (30 वर्ष) की टांगी से मार कर हत्या कर दी। मृतक कृष्णा (आरोपी के साले का बेटा) पिछले सात आठ साल से फूफा के घर रह रहा था।मामले की जानकारी मिलने पर मांडर थाना पुलिस ने कृष्णा मुंडा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया था। वहीं, हत्या के आरोपी 60 वर्षीय फूफा सूरजा मुंडा को गिरफ्तार कर लिया और आज जेल भेज दिया है।। बताया जा रहा है कि तरंगा खिजुरटोली का रहने वाला कृष्णा मुंडा पिछले सात साल से अपने फूफा सूरज मुंडा के घर में रह रहा था।वह घर का सारा कामकाज संभालता था। सूरजा मुंडा की सिर्फ एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि सूरजा मुंडा बेटे की चाहत में दूसरी शादी करना चाहता था। इसका कृष्णा मुंडा विरोध करता था। इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होते रहता था।इस बीच गुरुवार की रात को खाना खाने के बाद कृष्णा मुंडा खुले दरवाजे वाले अपने कमरे में चौकी पर सो रहा था, तो सूरजा मुंडा ने कमरे में जाकर टांगी से उसके सिर पर वार कर दिया। इससे बिस्तर पर ही उसकी मौत हो गई।

शुक्रवार की सुबह कृष्णा मुंडा को जगाने गई उसकी बुआ बलकाही मुंडा ने कमरे में देखा कि उसका खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा हुआ है। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। गिरफ्तारी के बाद सूरजा मुंडा ने अपने भतीजे कृष्णा मुंडा की हत्या की बात कबूल ली है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है।