दुलमी में जुआरियों पर हथियारबंद डकैतों ने बोला हमला, मार कुटाई कर छीने लाखों के नगदी और मोबाइल

रामगढ़। रजरप्पा थाना क्षेत्र के दुलमी बाजार टांड़ ब्लॉक कार्यालय के पीछे साइड में शुक्रवार की रात्रि करीब 9:30 बजे जुआ खेल रहे जुआरियों के साथ मारपीट कर मोबाईल और लगभग पांच लाख रुपए नगद लेकर भाग निकले। हथियारबंद डकैतों ने घटनास्थल पर जुआरियों के लगे बाइक की चाबी भी ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 4 बाइक में लगभग 12 नकाबपोश व्यक्ति हथियार के साथ जुआ अड्डा पहुँचे थे। पहले तो अपराधियो ने वहां खड़ी बाईक के सभी प्लग तार काट दिए। उसके बाद जुआ खेल रहे लोगों को घेर लिया। वही कुछ अपराधियों में कुछ जुआरियों के साथ मारपीट भी की। बताया जा रहा है कि कुछ जुआरियों को गम्भीर चोटें आई है। जिसके बाद सभी को मोबाईल और रुपये अपराधियों द्वारा लाए गए बैग में रखने को कहां। इसी बीच दो जुआरी मौका देख भाग भी निकले। आसपास के लोगों को अपराधियों के बारे में जानकारी भी दी। सूचना पाकर ब्लॉक मोड़ के पास कुछ ग्रामीणों द्वारा अपराधियों को रोकने का भी प्रयास किया गया। लेकिन अपराधियों ने ग्रामीणों पर रिवाल्वर तान हरहद कंडेर होते हुए बगरई की ओर भाग निकले। चूंकि मामला जुआ से जुड़ा हुआ होने के कारण मामले की किसी ने सूचना पुलिस को नही दी है। घटना से पूरे दुलमी क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। मामले पर रजरप्पा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विद्या शंकर ने बताया कि मामले पर किसी के द्वारा जानकारी या शिकायत नहीं दिया गया है। बावजूद इसके घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।

ब्लॉक परिसर से 500 मीटर की दूरी में हुई घटना, ब्लॉक के रास्ते ही भागे अपराधी

बताया जाता है अपराधी लगभग 12 की संख्या में थे। जिसमें अधिकतर के पास हथियार भी था। घटना प्रखंड कार्यालय के पीछे लगे 500 मीटर की दूरी में हुई है। वही प्रखंड कार्यालय परिसर में ही प्रखंड पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी सहित कर्मियों का आवास भी है। इसमें कई कर्मी रहते भी हैं। जिससे यहां रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।