साली के साथ मिलकर दूसरी पत्नी को काट डाला था,पहली पत्नी और साली गिरफ्तार,पति अब भी फरार..

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के देवड़ांड थाना में ग्राम सुण्डमारा के पास की नदी से 13 मार्च को मिली महिला की सिर कटी लाश मामले का खुलासा गोड्डा पुलिस ने कर लिया है।पुलिस के मुताबिक मृतिका ओड़िसा की रहने वाली थी। उसकी हत्या उसके पति ने अपनी पहली पत्नी की बहन यानी साली के साथ मिल कर की थी। इस हत्याकांड में शामिल महिला ने सारी जानकारी पुलिस को दे दी है। महिला की निशानदेही पर सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने आज शनिवार को मामले का खुलासा प्रेस के सामने किया।

बताया जाता है कि 13 मार्च को गोड्‌डा पुलिस को देवड़ांड थाना क्षेत्र के सुण्डमारा के पास एक महिला का शव नदी में गड़े होने की सूचना मिली थी। प्राप्त सूचना के सत्यापन के दौरान पुलिस ने सुण्डमारा उत्तर टोला में नदी के पास एक महिला का सिर व हाथ कटा धड़ बरामद किया। वहीं स्वान दस्ते की मदद से कुछ दूरी पर एक हाथ व सिर बरामद किया।इस सम्बंध में गांव के चौकीदार दरोती सोरेन के बयान के आधार पर देवडांड थाना कांड संख्या-08/2023 दर्ज की गयी। जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।

मामले में गोड्‌डा एसपी ने एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। गठित टीम ने घटनास्थल से उठाए साक्ष्यों, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार कुछ व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया। पूछताछ के दौरान एक महिला ने स्वीकार किया कि उसके पति ने उक्त महिला की हत्या की है। हालांकि पुलिस अभी तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

क्या है हत्याकांड की पूरी कहानी

उक्त महिला ने बताया कि उसके पति का नाम संजय राय है। वे बांका जिले के सुमुखिया मोड़ के रहने वाले हैं। उसका पति चार साल पहले काम करने के लिए सिकंदराबाद गया था। वहीं पर उड़ीसा की रहने वाली देविका नाम की लड़की (जो उस समय हैदराबाद में रहती थी ) के साथ उसने प्रेम विवाह कर लिया। कुछ दिन पहले पति घर आया था तो दोनों की शादी की जानकारी हुई। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। इसके बाद उसने पति संजय राय के साथ मिलकर देविका की हत्या करने की योजना बनाई। यह बात उसने सुण्डमारा में रहने वाली अपनी बहन को बताई। इसके बाद हत्या की योजना बनायी गयी।

महिला की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार 12 मार्च को वह अपनी बहन के घर चली गई। वहीं उसका पति संजय राय देविका को सिकंदराबाद से लेकर दिनांक-12 मार्च की रात आठ बजे सुण्डमारा पत्नी की बहन यानी साली के के घर आया। यहां रात लगभग नौ बजे देविका के साथ घुमने का बहाना बनाकर घर से निकला। इसी दौरान पति संजय राय ने देविका के सिर पर पीछे से तीन-चार बार लाठी से मारा गया। जिससे देविका गिर कर बेहोश हो गई। उसके बाद उसके पति ने ताड़ काटने वाल दबिया से देविका का गला काट कर अलग कर दिया। उसके बाद दाहिना हाथ को काटकर धड़ से अलग कर दिया। देविका के हाथ पर गुदे गोदना को पहचान हटाने के उद्देश्य से ब्लेड से काटकर अलग किया। वहीं चेहरे को भी क्षतिग्रस्त किया गया।उसके बाद धड को वहीं कुदाल से जमीन खोदकर गाड़ दिया। हाथ व सिर को एक पोलिथिन में रख कर वहां से कुछ दूरी पर गाड़ दिया।

इधर पुलिस ने दोनों महिला अभियुक्त के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ब्लेड एवं कुदाल बरामद एवं अन्य सामग्री बरामद किया गया। इस हत्याकांड में शामिल की दोनों महिला अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासम में भेज दिया गया।