पहली पत्नी के मर्जी के खिलाफ दूसरी शादी करने और पहली पत्नी के साथ मारपीट और दहेज प्रताड़ना के आरोपी को भेजा गया जेल

राँची। राजधानी की चुटिया पुलिस ने थाना क्षेत्र के पावर हाउस इलाके से शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पावर हाउस इलाके के रहने वाले कुंदन तिवारी, पिता रविन्द्र तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोप है कि उसने पहली पत्नी के रहते और उसके मर्जी के खिलाफ दूसरी शादी रचा ली। साथ ही पहली पत्नी ने चुटिया पुलिस को दिए आवेदन में अपने पति के साथ साथ ससुराल वालों पर भी मारपीट और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया था।

2016 में पूरे रीति रिवाज से हुई थी शादी

बताते चलें कि पीड़ित महिला और आरोपी की शादी वर्ष 2016 में राँची के पहाड़ी मन्दिर में सामाजिक रीति रिवाजों और पूरे विधि विधान से हुई थी। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया था कि विवाह के कुछ दिनों बाद से ही उसके साथ पति और ससुराल वालों ने मारपीट शुरू कर दी थी। पीड़ित महिला के अनुसार ससुराल वाले न केवल मारपीट करते थे बल्कि महिला के पिता से दहेज स्वरूप 4 लाख रुपये भी मांगने को कहते थे, साथ ही धमकी भी देते थे कि अगर 4 लाख रुपये नहीं मिले तो उनका बेटा उसे छोड़ देगा और दूसरी शादी रचा लेगा। इतना ही नहीं दोनों की एक बेटी भी है। पीड़ित महिला ने थाने को बताया था कि जब उसकी बेटी को जन्म लिए छह दिन ही हुए थे कि उसके साथ मारपीट की गई थी जिससे महिला का सिर फट गया था। बेटी के जन्म लेने को लेकर भला बुरा भी कहा गया था।

महिला ससुराल से तंग आकर लौट आई थी मायके

पीड़ित महिला के अनुसार वह ससुराल वालों के व्यवहार से तंग आकर बीते साल मार्च महीने में अपने बेटी लेकर अपने मायके लौट आई थी। बकौल पीड़ित महिला इसके बाद भी महिला के पति ने फोन पर भी और पीड़ित महिला के घर कुछ लड़कों को लाकर गाली गलौज किया करता था। इसी बीच महिला के ससुराल से ननद ने फोन पर पीड़ित को जानकारी दी कि कुंदन ने दूसरी शादी कर ली है। इसके बाद महिला ने बीते साल दिसंबर महीने में अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ चुटिया थाना में मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद आरोपी पति फरार चल रहा था। आरोपी राँची से बाहर रहने लगा था जैसे ही आरोपी राँची पहुंचा पुलिस को सूचना मिली उसके बाद गिरफ्तार कर लिया।