धनबाद में सब्जी खरीदने जा रहे युवक को अपराधियों ने गोली मारकर किया घायल…जांच में जुटी है पुलिस..
धनबाद। झारखण्ड के धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। शनिवार की दोपहर एक युवक को गोली मार दिया। जानकारी के अनुसार, माथाबांध निवासी राजेंद्र चौहान उर्फ गुरखा अपने घर से सब्जी खरीदने के लिए डुमरा मोड़ की ओर जा रहे थे।इसी दौरान घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। अपराधियों द्वारा चलाई गई एक गोली सीधे राजेंद्र के पैर में जा लगी जिससे वे घायल होकर वहीं गिर पड़े।गोली लगने के बावजूद राजेंद्र ने हिम्मत नहीं हारी। जान बचाने के लिए वे घायल अवस्था में ही वहां से भागे और शोर मचाया।फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे, जिन्हें देख अपराधी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। स्थानीय निवासियों की मदद से आनन-फानन में घायल राजेंद्र को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और जांच की।घायल युवक से पूछताछ की जा रही है।

