चार घंटे के लिए घर से निकली महिला, लौटते ही उड़ गए होश;दिनदहाड़े लाखों के जेवर और 60 हजार ले उड़े चोर
राँची।पुंदाग ओपी क्षेत्र के शालीमार बाग में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। 65 वर्षीय मंजू पांडेय के घर को चोरों ने उस वक्त निशाना बनाया, जब वह करीब चार घंटे के लिए बाजार गई थीं। वापस लौटने पर घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद गायब मिले।घटना चार सितंबर को दोपहर करीब एक बजे से शाम पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। मंजू पांडेय ने मामले को लेकर पुंदाग ओपी में आवेदन दिया, जिसके आधार पर जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़िता के मुताबिक, चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी को भी तोड़ दिया। अलमारी से सोने की चेन, मंगलसूत्र, नथिया, मांगटीका, दो झुमके, पांच टॉप्स, कान के लटकन, आठ अंगूठियां और महावीर जी का सोने का लॉकेट चोरी कर लिया गया।चोरों ने घर में रखी नौ जोड़ी चांदी की पायल, छह जोड़ी बिछिया, तीन चांदी के बिस्कुट और 28 चांदी के सिक्के भी नहीं छोड़े। इसके अलावा चांदी की प्लेट, कटोरी, गिलास सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाले कई चांदी के सामान भी गायब हैं।
चोरी करने पहुंचे बदमाशों ने घर में रखे पुराने सिक्कों को भी नहीं छोड़ा। पांच, 10 और 20 रुपये मूल्य के करीब 100 सिक्के भी चोर अपने साथ ले गये। इसके अलावा अलमारी में रखे 60 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिये गये।
बताया कि मंजू पांडेय के घर से निकलने और वापस लौटने के बीच लगभग चार घंटे का अंतर था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों से संदिग्धों के आने-जाने और उनकी पहचान से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। फिलहाल चोरी गये सामान की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है और पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

