लोकसभा चुनाव 2024:झारखण्ड के तीन सीटों पर मतदान जारी है, वोट डालने कतारों में पहुंच रहे लोग…

 

राँची।पूरे देश में सियासी रण का मुकाबला अंतिम चरण में पहुंच चुका है। झारखण्ड में भी लोकसभा चुनाव के तहत अंतिम चरण का मतदान संताल परगना प्रमंडल के तीन संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों राजमहल, दुमका और गोड्डा में आज हो रहा है। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।आज होने वाले मतदान से दो वर्तमान सांसदों निशिकांत दूबे (भाजपा) और विजय हांसदा (झामुमो) के भाग्य का फैसला होगा, जो क्रमश: गोड्डा और राजमहल से चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों क्रमश: चौका व हैट्रिक लगाने के लिए चुनावी मैदान में हैं। इनके अलावा चार विधायकों नलिन सोरेन, सीता सोरेन, प्रदीप यादव तथा लोबिन हेम्ब्रम के भी भाग्य का फैसला होगा। नलिन सोरेन शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से लगातार सात बार विधायक चुने गए हैं। झामुमाे ने पहली बार उन्हें दुमका लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है, जिनके सामने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव इस बार भी गोड्डा से अपना भाग्य आजमा रहे हैं तो लोबिन हेम्ब्रम झामुमो से बगावत कर राजमहल से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। शनिवार को होने वाले मतदान में कुल 52 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद होगा। इनमें आठ महिलाएं सम्मिलित हैं।

 

कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने सपरिवार डाला वोट

गोड्डा के महागामा विस क्षेत्र के खीरोंधी स्थित मतदान केंद्र में कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने सपरिवार डाला वोट। मतदान के बाद उन्‍होंने तस्‍वीर भी खिंचवाई।

पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू ने परिवार संग किया मतदान

बरहेट के उत्क्रमित राजकीय आदर्श कन्या उच्च विद्यालय में बूथ संख्या 168 में पूर्व मंत्री हेमलाल मूर्मू, पुत्र विकास मुर्मू ने अपने परिवार के साथ मतदान किया।

राजमहल लोकसभा क्षेत्र के महागठबंधन प्रत्याशी विजय हांसदा ने डाला वोट

राजमहल लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र के आईएनडीआईए गठबंधन प्रत्याशी निर्वतमान सांसद विजय हांसदा बरहड़वा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत अपना मतदान केंद्र आंगनबाड़ी केंद्र पोद्दोपोखर बूथ संख्या 29 में मतदान किया।