राँची: देशवाली गांव में खूनी वारदात, पड़ोसी ने टांगी से हमला कर महिला को मार डाला,परिवार में मचा कोहराम
राँची। राजधानी राँची के चान्हो थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। देशवाली गांव में पड़ोसी के साथ हुई कहासुनी के बाद एक 45 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी पिंजरा उरांव (50) ने लकड़ी काटने वाली टांगी से महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। मृतका की पहचान सुनीता उरांव के रूप में हुई है। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आंगन में लकड़ी काट रहा था आरोपी, तभी पहुंची महिला
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे पिंजरा उरांव अपने आंगन में जलावन की लकड़ी काट रहा था। इसी दौरान सुनीता उरांव वहां पहुंची। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर लकड़ी काटने वाली टांगी से सुनीता पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मां की हत्या से उजड़ गया छह बच्चों का संसार
सुनीता उरांव की हत्या ने उसके पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। वह अपने छह बच्चों का पेट पालने के लिए बीजुपाड़ा चौक पर सब्जी बेचती थी। मेहनत-मजदूरी कर वह परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थी। लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया। घटना के समय उसका पति चूंदा उरांव घर पर नहीं था। वह मजदूरी के सिलसिले में सिकंदराबाद गया हुआ है।
हत्या के बाद गांव में मचा हड़कंप, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
महिला की हत्या की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर चान्हो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने हत्या के आरोपी पिंजरा उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
आखिर किस बात पर हुआ था विवाद?
फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच तत्काल किसी बात को लेकर विवाद हुआ था या पहले से कोई रंजिश चली आ रही थी। आरोपी से पूछताछ और जांच के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आ सकेगी।

