वीरू जंगल में दफन था दो बहुओं की मौत का राज, खुदाई में निकले शव; चार आरोपी गिरफ्तार

 

गुमला। झारखण्ड के गुमला जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है। जिस घर में दो बहुएं अपने परिवार के साथ जिंदगी बिता रही थीं, उसी घर में खून की ऐसी होली खेली गई कि एक के बाद एक दो महिलाओं की जान ले ली गई। पहले बड़ी बहू की हत्या की गई। यह देखकर छोटी बहू ने विरोध किया और उसे बचाने की कोशिश की, तो आरोप है कि उसे भी मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद दोनों सगे भाइयों ने एंबुलेंस से शवों को सिमडेगा जिले के वीरू जंगल पहुंचाया और जमीन में गड्ढा खोदकर दफना दिया। इसके बाद दोनों भाई सीधे थाने पहुंचे और पुलिस के सामने अपनी-अपनी पत्नियों के लापता होने की कहानी सुना दी।

लेकिन आरोपियों की सोची-समझी कहानी के बीच पांच साल के एक मासूम बच्चे का बयान पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग बन गया। बच्चे ने जो कुछ बताया, उससे पूरे हत्याकांड की परतें खुलने लगीं। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो शक की सुई दोनों भाइयों पर जाकर टिक गई। पूछताछ में हत्या और शवों को जंगल में दफनाने का मामला सामने आया। बुधवार को गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीरू जंगल में खुदाई कर दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए। पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों शिवशंकर साहू और नवीन साहू के साथ उनके माता-पिता समेश्वर साहू और तिलेश्वरी देवी को भी गिरफ्तार किया है। गुरुवार को चारों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

एक घर में दो हत्याएं, विरोध करने पर छोटी बहू की भी हत्या

पुलिस के अनुसार, मृत महिलाओं की पहचान मिनी प्रिया कुमारी (28) और राधिका कुमारी (20) के रूप में हुई है। मिनी प्रिया की शादी शिवशंकर साहू से हुई थी, जबकि राधिका कुमारी नवीन साहू की पत्नी थी। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।

आरोप है कि शनिवार को दोनों महिलाओं को समझौते के बाद उनके ससुराल बुलाया गया था। घर लौटने के बाद परिवार में फिर विवाद हुआ। इसी दौरान शिवशंकर साहू ने अपनी पत्नी मिनी प्रिया पर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। उस समय मिनी का पांच वर्षीय बेटा अंश भी वहां मौजूद था।

बताया जाता है कि बड़ी बहू की हत्या होते देख छोटी बहू राधिका खुद को रोक नहीं सकी। उसने बीच-बचाव किया और मिनी को बचाने की कोशिश की। लेकिन आरोप है कि विरोध करने पर शिवशंकर ने राधिका को भी नहीं बख्शा और उसकी भी हत्या कर दी।इस तरह एक ही परिवार की दो बहुओं की जान चली गई। घर के भीतर हुई इस दोहरी हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

एंबुलेंस बनी शव ठिकाने लगाने का जरिया, वीरू जंगल में दफनाए दोनों शव

दो महिलाओं की हत्या के बाद आरोपियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती शवों को ठिकाने लगाने की थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों ने मिलकर इसके लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किया। दोनों शवों को एंबुलेंस में रखा गया और गुमला से सिमडेगा जिले के वीरू जंगल ले जाया गया। वहां सुनसान जगह देखकर दोनों शवों को जमीन में दफना दिया गया।

आरोपियों को लगा कि जंगल में शव दफनाने के बाद उनका अपराध छिप जाएगा और किसी को घटना की भनक तक नहीं लगेगी। लेकिन पुलिस की जांच और एक मासूम बच्चे की गवाही ने उनकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एंबुलेंस भी जब्त कर ली है।

पहले से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद, अदालत तक पहुंचा था मामला

इस दोहरे हत्याकांड की जड़ में पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। मृत महिलाओं के परिजनों के अनुसार, दोनों भाइयों और उनकी पत्नियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला अदालत तक पहुंच गया था। इसी वजह से दोनों महिलाएं अपने मायके में रह रही थीं।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार को कुछ लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बाद दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर घर लौट आए थे। परिवारों को लगा था कि अब विवाद खत्म हो जाएगा और दोनों महिलाएं अपने वैवाहिक जीवन में वापस लौट सकेंगी। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि सुलह के बाद घर लौटी दोनों महिलाओं के साथ इतनी खौफनाक वारदात हो जाएगी।

सोमवार सुबह तक हुई थी फोन पर बात, फिर अचानक बंद हो गए मोबाइल

परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब नौ बजे तक दोनों महिलाओं से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद अचानक उनका संपर्क टूट गया। इधर, दोनों भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल फोन भी बंद मिलने लगे। इससे मायके पक्ष के लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने दोनों महिलाओं की तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसी बीच मंगलवार को दोनों भाई अपने बच्चों के साथ गुमला थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नियां लापता हैं। दोनों ने गुमशुदगी की कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन उनके बयान और परिस्थितियों में कई ऐसी बातें थीं, जिनसे पुलिस को संदेह होने लगा।

पांच साल के मासूम ने खोला राज, पुलिस के सामने बताई आंखों देखी कहानी

इस पूरे मामले में सबसे अहम मोड़ तब आया, जब पांच वर्षीय अंश ने पुलिस के सामने अपनी आंखों देखी बात बताई। पुलिस के अनुसार, बच्चे ने बताया कि उसके सामने ही उसकी मां और चाची की हत्या की गई थी। उसने पिता, चाचा और परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका के संबंध में भी जानकारी दी।

मासूम के बयान को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज की। दोनों भाइयों से अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान शिवशंकर ने दोनों महिलाओं की हत्या और एंबुलेंस से शवों को जंगल ले जाकर दफनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की कड़ियां जोड़ते हुए घटनास्थल और शवों की तलाश शुरू की।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जंगल में खुदाई, बाहर निकाले गए दोनों शव

बुधवार को गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम सिमडेगा जिले के वीरू जंगल पहुंची। मजिस्ट्रेट दीपक कुमार की मौजूदगी में आरोपियों की निशानदेही पर खुदाई कराई गई। काफी मशक्कत के बाद जमीन में दफन दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए।

शवों को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जांच के दायरे में लिया है। शिवशंकर की एंबुलेंस जब्त कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या फिर विवाद के दौरान अचानक दोनों महिलाओं की हत्या की गई।

 चार आरोपी गिरफ्तार, आज जेल भेजने की तैयारी

इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने दोनों पति शिवशंकर साहू और नवीन साहू के अलावा उनके माता-पिता समेश्वर साहू और तिलेश्वरी देवी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

गुमला थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार, दोनों भाइयों ने थाने पहुंचकर अपनी पत्नियों के लापता होने की सूचना दी थी। जांच और पूछताछ के दौरान उनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं के शव बरामद किए।

वहीं, एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गुरुवार को चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इस खूनी वारदात का एक पांच साल का मासूम गवाह बन गया। जिस उम्र में बच्चे मां की गोद में सुरक्षित महसूस करते हैं, उसी उम्र में अंश को अपनी मां और चाची की हत्या का खौफनाक मंजर देखना पड़ा। दो महिलाओं की जिंदगी छीन ली गई, दो परिवार उजड़ गए और पीछे रह गया एक ऐसा मासूम, जिसकी आंखों के सामने उसका अपना परिवार ही खून से रंग गया।

error: Content is protected !!