देह व्यापार के लिए लिंग परिवर्तन का खतरनाक खेल:राँची की सड़कों पर रात गहराते ही सक्रिय हो रहा 200 से अधिक ‘ट्रांस-गैंग’ का नेटवर्क
–कचहरी से शहीद चौक, स्टेशन रोड और बहुबाजार बना मुख्य अड्डा; पुलिस से भी भिड़ने से नहीं चूकते
-पैसों के विवाद में ग्राहकों पर हमला और गाड़ियों के शीशे तोड़ने की कई घटनाएं, बदनामी के डर से थाने नहीं पहुंचते पीड़ित, 1.5 से 5 लाख रुपये खर्च कर दिल्ली-मुंबई और कोलकाता में करा रहे हैं जेंडर रीअसाइनमेंट सर्जरी
राँची।राजधानी राँची की रातें अब केवल अपराधियों या नशाखोरों के लिए ही नहीं, बल्कि एक नए और चौंकाने वाले संगठित नेटवर्क के कारण असुरक्षित होती जा रही हैं। शहर में देह व्यापार (प्रॉस्टिट्यूशन) के धंधे में मोटी कमाई के लालच में कई युवक अपना लिंग परिवर्तन (सेक्स चेंज) करा रहे हैं। स्थानीय सूत्रों और जमीनी पड़ताल के मुताबिक, राँची की सड़कों पर रात के अंधेरे में सक्रिय ऐसे लोगों की संख्या 200 के पार पहुंच चुकी है। दिन में सामान्य नजर आने वाले शहर के प्रमुख चौराहे रात 10 बजे के बाद इस नेटवर्क के अड्डे में तब्दील हो जाते हैं।
कचहरी से स्टेशन रोड तक फैला है नेटवर्क
इस गिरोह का मुख्य इलाका कचहरी चौक से लेकर शहीद चौक, मेन रोड, स्टेशन रोड और पटेल चौक के आसपास फैला हुआ है। रात गहराते ही ये समूहों में सड़कों के किनारे खड़े नजर आते हैं और राहगीरों व वाहन चालकों को निशाना बनाते हैं।
पुलिस पर हमला और ग्राहकों से गुंडागर्दी, पर मामले दर्ज नहीं
इस नेटवर्क की दबंगई का आलम यह है कि खाकी का खौफ भी इनके बीच खत्म होता दिख रहा है। पुलिस द्वारा कई बार अभियान चलाकर इन्हें इन इलाकों से खदेड़ा गया, लेकिन हर बार ये दोबारा सक्रिय हो जाते हैं। पूर्व में राँची स्टेशन रोड इलाके में कार्रवाई के दौरान ये एक रेलवे पुलिस पर भी जानलेवा हमला कर चुके हैं। पैसों के लेन-देन को लेकर अगर कोई ग्राहक इनसे बहस करता है, तो ये समूह बनाकर उस पर हमला कर देते हैं। कचहरी के आसपास अब तक चार से पांच चार पहिया वाहनों पर हमला कर उनके शीशे तक फोड़े जा चुके हैं। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि मारपीट और लूटपाट का शिकार होने के बावजूद कोई भी पीड़ित लोक-लाज और बदनामी के डर से पुलिस के पास शिकायत लेकर नहीं जाता। शिकायत न मिलने के कारण पुलिस भी ठोस कानूनी कार्रवाई करने में बेबस नजर आती है, जिससे इनकी गुंडई चरम पर है।
पड़ताल: क्या है इस ट्रेंड के पीछे की पूरी कहानी
चिकित्सीय और सामाजिक शब्दावली में जन्म के समय निर्धारित पुरुष लिंग को सर्जरी या हार्मोनल प्रक्रिया के जरिए महिला रूप में बदलने वालों को ट्रांसवुमन या ट्रांसजेंडर कहा जाता है। मेडिकल भाषा में इस पूरी प्रक्रिया को जेंडर रीअसाइनमेंट सर्जरी या सेक्स रीअसाइनमेंट सर्जरी कहा जाता है। हालांकि, स्थानीय बोलचाल और इस धंधे से जुड़े गिरोहों के बीच ऐसे लोगों के लिए ‘कन्वर्टेड’ या ‘ऑपरेटेड’ जैसे कोड शब्दों का भी इस्तेमाल किया जाता है।
प्रॉस्टिट्यूशन के लिए ही क्यों करा रहे हैं सेक्स चेंज
बेरोजगारी, कम समय में अमीर बनने की चाहत और इस अवैध धंधे में बढ़ती मांग इसके पीछे के मुख्य कारण हैं। सिंडिकेट से जुड़े लोगों के मुताबिक, देह व्यापार के बाजार में ट्रांसवुमन की अलग मांग होती है। इसके अलावा, यह गिरोह केवल देह व्यापार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि देर रात ग्राहकों को ब्लैकमेल करने और उनसे जबरन पैसे ऐंठने (एक्सटॉर्शन) के जरिए भी मोटी रकम वसूलता है।
कहां होती है सर्जरी और कितना आता है खर्च
राँची या झारखण्ड में इस तरह की सर्जरी की सुविधाएं बेहद सीमित और सख्त कानूनी प्रक्रियाओं के अधीन हैं। इसलिए, इस धंधे में उतरने वाले युवक दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु जैसे महानगरों का रुख करते हैं। कई मामलों में ये युवक गैर-पंजीकृत या निजी क्लीनिकों के जरिए भी यह प्रक्रिया कराते हैं। पूरी प्रक्रिया (हार्मोन थेरेपी से लेकर सर्जरी तक) में 1.5 लाख रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक का खर्च आता है। कई बार इस धंधे के पुराने सरगना नए लड़कों को अपने जाल में फंसाने के लिए सर्जरी का खर्च खुद उठाते हैं और बाद में उनसे कमाई का बड़ा हिस्सा वसूलते हैं।
2,000 से 5,000 रुपये प्रति रात तक कमा लेते है ये
इस अवैध धंधे में होने वाली कमाई ही सबसे बड़ा आकर्षण है। जानकारों के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़ा एक व्यक्ति सामान्य दिनों में 2,000 से 5,000 रुपये प्रति रात तक कमा लेता है। वहीं, वीकेंड या ग्राहकों को ब्लैकमेल करने की स्थिति में यह कमाई एक रात में 10,000 रुपये से भी ऊपर पहुंच जाती है। यानी महीने में 60 हजार से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक की अवैध कमाई के लालच में युवा इस जानलेवा और गैर-कानूनी रास्ते पर कदम रख रहे हैं।
राँची पुलिस के सामने ट्रांसजेडर बने बड़ी चुनौती
राँची पुलिस के लिए यह स्थिति दोहरी चुनौती बन गई है। एक तरफ सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और मानवाधिकार कानूनों के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों की रक्षा करनी होती है, तो दूसरी तरफ ट्रांसवुमन के रूप में सक्रिय इन आपराधिक और असामाजिक तत्वों की गुंडई पर लगाम लगाना जरूरी है। जब तक पीड़ित सामने आकर शिकायत दर्ज नहीं कराते और पुलिस रात के समय इन संवेदनशील इलाकों में स्थायी गश्त नहीं बढ़ाती, तब तक राजधानी की सड़कों पर यह आतंक यूं ही जारी रहने की आशंका है।

