जमशेदपुर: ब्राउन शुगर के काले कारोबार का भंडाफोड़, चार तस्कर गिरफ्तार; 23.15 ग्राम नशा और 45 हजार रुपये बरामद
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक मारुति डिजायर कार और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. एहतेशाम वकारिब को 23 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेलवे ब्रिज के पास कुछ पैडलर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने गरीब नवाज कॉलोनी के निकट खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के पास छापेमारी की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक और डिजायर कार में सवार तीन अन्य युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान चारों के पास से अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
1.मो. रोहन हुसैन (19 वर्ष), निवासी महतो पाड़ा रोड, मिल्लत नगर, जुगसलाई।
2.मो. इरशाद उर्फ फिरदोस (29 वर्ष), निवासी महतो पाड़ा रोड, मिल्लत नगर, जुगसलाई।
3.दिलशाद खान उर्फ राजा (33 वर्ष), निवासी गौरी शंकर रोड, गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई।
4. शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू (28 वर्ष), निवासी महतो पाड़ा रोड, मिल्लत नगर, जुगसलाई।
पुलिस की तलाशी में मो. रोहन हुसैन के पास से ब्राउन शुगर की 35 पुड़िया बरामद हुई, जिसका कागज सहित कुल वजन 6.09 ग्राम बताया गया है। वहीं शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू के पास से 30 पुड़िया बरामद हुई, जिसका कुल वजन 6.66 ग्राम है।
इसी तरह मो. इरशाद उर्फ फिरदोस के पास से 34 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कागज सहित वजन 6.70 ग्राम पाया गया। जबकि दिलशाद खान उर्फ राजा के पास से ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया, जिसका कागज और प्लास्टिक सहित कुल वजन 3.70 ग्राम है। इस तरह चारों के पास से कुल 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
कार, बाइक, मोबाइल और 45 हजार रुपये भी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की यामाहा R15 मोटरसाइकिल और मारुति डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05CK3768) बरामद की है। इसके अलावा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से प्राप्त होने की आशंका में 45 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
तीन आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। मो. रोहन हुसैन के खिलाफ जुगसलाई थाना कांड संख्या 44/2026 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। मो. इरशाद उर्फ फिरदोस के खिलाफ सिसई थाना कांड संख्या 60/2022 में मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
वहीं दिलशाद खान उर्फ राजा के खिलाफ जुगसलाई थाना कांड संख्या 21/2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। चौथे आरोपी शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू का पूर्व आपराधिक इतिहास प्रेस विज्ञप्ति में उल्लेखित नहीं है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 88/2026, दिनांक 24 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b), 27(A) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां सहित जुगसलाई थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

