हजारीबाग: बोलेरो की टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे, एक युवक की मौत, दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा

 

हजारीबाग। हजारीबाग-बड़कागांव रोड पर मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बोकारो नदी के समीप बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे ढेंगुरा निवासी किशोर लकड़ा अपने साथी अभिषेक के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान कुंडिलबागी से आगे बोकारो नदी के पास सामने से आ रही बोलेरो से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये।

 

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने किशोर लकड़ा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अभिषेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए राँची रेफर कर दिया गया।

 

इस दर्दनाक हादसे में किशोर लकड़ा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गयी। एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरों को सामने ला दिया है।

error: Content is protected !!