दुमका में दरिंदगी की हद पार, युवती को निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो, मोबाइल समेत छह आरोपी गिरफ्तार
दुमका। झारखण्ड के दुमका में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। खेत से धान काटकर घर लौट रही 20 वर्षीय युवती को रास्ते में घेरकर कुछ युवकों ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि जबरन उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो और तस्वीरें भी बना लीं। विरोध करने पर युवती को धमकाया गया और जान से मारने की चेतावनी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जरमुंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
मंगेतर से बात कर लौट रही थी युवती, रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपी
घटना 18 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे जरमुंडी थाना क्षेत्र की है। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह खेत से धान काटकर घर लौट रही थी। इसी दौरान तिलबरिया मोड़ के पास अपने होने वाले पति से फोन पर बात कर रही थी। मंगेतर ने उसे कपड़े खरीदने के लिए कुछ रुपये भी दिए थे। इसके बाद युवती अकेले घर की ओर जाने लगी।
आरोप है कि रास्ते में झाड़ी के पास पहले से घात लगाए बैठे शंकर मांझी और रविंद्र मांझी ने अपने पांच साथियों के साथ उसे घेर लिया। इसके बाद सभी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने युवती से रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिया।
कपड़े उतरवाकर बनाया वीडियो, तस्वीरें भी खींचीं
पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे जबरन पकड़कर उसके सारे कपड़े उतरवा दिए और मोबाइल से अश्लील वीडियो बनाया। इस दौरान कुछ आरोपियों ने उसकी तस्वीरें भी खींचीं। काफी देर तक उसे अपमानित किया गया। घटना के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को इसकी जानकारी दी तो उसे जान से मार दिया जाएगा।धमकी के बावजूद पीड़िता हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची और पुलिस के वरीय पदाधिकारी को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद शुक्रवार को जरमुंडी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
दो की गिरफ्तारी से खुला राज, निशानदेही पर चार और दबोचे गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दयानंद साह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने सबसे पहले शंकर मांझी और रविंद्र मांझी को हिरासत में लिया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर सूरज माल, विकास मांझी, मनोज मांझी और बजरंग पुजहर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने वीडियो और तस्वीरें बनाने में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है। गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को शनिवार को जेल भेज दिया गया। वहीं, एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।छापेमारी दल में थाना प्रभारी दयानंद साह के अलावा पुअनि सुखराम उरांव और अनुसंधानकर्ता सअनि निर्मल कुमार सिंह शामिल थे।

