खरकाई पुल से युवती ने नदी में लगाई छलांग, मचा हड़कंप; पुलिस और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से बचाई जान
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने पुराने खरकाई पुल से अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। युवती को नदी में कूदते देख पुल के आसपास मौजूद लोग सकते में आ गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती जींस पैंट और शर्ट पहने हुए थी। पुल से छलांग लगाने के बाद वह नदी में ही खड़ी रही। संयोग से उस स्थान पर पानी अधिक गहरा नहीं था, जिसके कारण वह डूबने से बच गई। घटना को देखते ही स्थानीय लोग उसे बचाने के लिए सक्रिय हो गए और तत्काल आदित्यपुर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद युवती को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे अपने साथ थाने ले जाया गया। इस दौरान पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और हर कोई इस घटना को लेकर चर्चा करता नजर आया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नदी में कूदने वाली युवती के नाबालिग होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उसकी उम्र और पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उसकी पहचान सुनिश्चित करने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में उसने इतना बड़ा कदम उठाया। युवती के परिजनों और उसके घर के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल युवती के नदी में छलांग लगाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता से युवती की जान बच गई।

