हजारीबाग में अपराधियों और तस्करों पर शिकंजा कसने की तैयारी, एसपी ने चरही थाना का किया औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के निष्पादन का दिया अल्टीमेटम…

 

हजारीबाग।जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने को लेकर हजारीबाग पुलिस सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार, 21 नवंबर को पुलिस अधीक्षक ने चरही थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण से संबंधित अभिलेखों और लंबित मामलों की बारीकी से समीक्षा की। साथ ही थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान विष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फौजान अहमद, चुरचू अंचल की पुलिस निरीक्षक विद्यावती ओहदार और चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर

एसपी ने थाना क्षेत्र में लंबित कांडों, वारंट और कुर्की से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को इनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्र में जितने भी अभियुक्त फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। अनुसंधान के लिए लंबित सभी मामलों की समीक्षा कर निर्धारित समय में निष्पादन करने को भी कहा गया।

नशे के कारोबार और तस्करी पर लगेगी लगाम

अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को लेकर भी एसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने नशे से संबंधित लंबित कांडों में आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम लोगों के बीच नशे के दुष्परिणामों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

इसके अलावा क्षेत्र में अवैध बालू और कोयला कारोबार सहित अन्य प्रकार की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश दिया गया। एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और संलिप्त लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

संगठित अपराध के मामलों की भी होगी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों को भी गंभीरता से लिया गया। एसपी ने ऐसे सभी कांडों की समीक्षा कर अनुसंधान में तेजी लाने और उनका शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की भी हिदायत दी।

पुलिस अधीक्षक के इस निरीक्षण को चरही थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, नशे के कारोबार और अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई तेज करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

error: Content is protected !!