झारखण्ड पुलिस को मिलेंगे 5 नए IPS अफसर, 12 दावेदारों में से UPSC ने चुने पांच नाम, आठ पद रह जाएंगे खाली
राँची। झारखण्ड पुलिस महकमे में पांच वरिष्ठ डीएसपी अधिकारियों के लिए आईपीएस बनने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रोन्नति को लेकर नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रोन्नति समिति की बैठक में पांच अधिकारियों के नामों पर सहमति बन गई है। इस फैसले के बाद झारखण्ड पुलिस को पांच नए आईपीएस अधिकारी मिलने जा रहे हैं।
दरअसल, 13 नवंबर को नई दिल्ली स्थित यूपीएससी कार्यालय में प्रोन्नति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में झारखण्ड राज्य पुलिस सेवा के 12 वरिष्ठ डीएसपी अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया। राज्य सरकार की ओर से इन सभी अधिकारियों को आईपीएस संवर्ग में प्रोन्नति देने की अनुशंसा की गई थी। बैठक में शामिल होने के लिए झारखंड के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी भी दिल्ली पहुंचे थे।
दस साल के सर्विस रिकॉर्ड की हुई जांच
प्रोन्नति समिति ने सभी 12 अधिकारियों की पिछले दस वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) सहित अन्य सेवा संबंधी रिकॉर्ड की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों के कार्यकाल, सेवा रिकॉर्ड और निर्धारित पात्रता के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अंतिम रूप से पांच अधिकारियों को आईपीएस संवर्ग में प्रोन्नति के योग्य पाया गया। हालांकि, किन पांच अधिकारियों के नाम पर मुहर लगी है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
इन 12 अधिकारियों के नाम भेजे गए थे UPSC
झारखंड सरकार ने जिन 12 वरिष्ठ डीएसपी अधिकारियों के नाम आईपीएस प्रोन्नति के लिए यूपीएससी को भेजे थे, उनमें शामिल हैं—
1. शिवेंद्र
2. राधा प्रेम किशोर
3. मुकेश कुमार महतो
4. निशा मुर्मू
5. सुरजीत कुमार
6. वीरेंद्र कुमार चौधरी
7. राहुल देव बड़ाईक
8. खीस्टोफर केरकेट्टा
9. प्रभात रंजन बरवार
10. अनूप कुमार बड़ाईक
11. समीर कुमार तिर्की
12. हीरालाल रवि
इनमें से पांच अधिकारियों को आईपीएस में प्रोन्नति के लिए योग्य पाया गया है। चयनित अधिकारियों के नाम सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन अधिकारियों का वर्षों का इंतजार खत्म हुआ है।
145 से बढ़कर 150 हो जाएगी IPS अधिकारियों की संख्या
इस प्रोन्नति के बाद झारखण्ड कैडर में आईपीएस अधिकारियों की संख्या बढ़कर 150 हो जाएगी। वर्तमान में राज्य में कुल 145 आईपीएस अधिकारी कार्यरत हैं। इनमें 42 अधिकारी ऐसे हैं, जो राज्य पुलिस सेवा से प्रोन्नति पाकर आईपीएस बने हैं।
झारखण्ड में आईपीएस संवर्ग के कुल 158 पद स्वीकृत हैं। पांच नए अधिकारियों के शामिल होने के बाद महज आठ पद रिक्त रह जाएंगे। हालांकि, आने वाले दिनों में कुछ आईपीएस अधिकारियों की सेवानिवृत्ति के कारण रिक्त पदों की संख्या में फिर बदलाव हो सकता है।
कई अधिकारियों को पहले भी नहीं मिल सका था मौका
खास बात यह है कि इस बार यूपीएससी को भेजे गए 12 अधिकारियों में से अधिकतर के नाम पहले भी आईपीएस प्रोन्नति के लिए भेजे जा चुके हैं। लेकिन अलग-अलग कारणों से उन्हें उस समय प्रोन्नति नहीं मिल सकी थी। अब पांच अधिकारियों के चयन पर सहमति बनने से राज्य पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच आईपीएस बनने की उम्मीद जगी है।

