स्कॉर्पियो की रफ्तार ने ली वृद्ध की जान, दर्शन कर लौट रहे चालक ने पैदल जा रहे बुजुर्ग को कुचला,चालक गिरफ्तार

 

चतरा/गयाजी।बिहार के गयाजी जिले में एनएच-22 पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से पैदल जा रहे एक 56 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसा बहेरा थाना क्षेत्र के डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय अमारूत के समीप हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।मृतक की पहचान अमारूत डीह गांव निवासी वीरेंद्र तिवारी (56), पिता गोविंद तिवारी के रूप में हुई है।

मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था चालक

जानकारी के अनुसार, झारखण्ड के हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कालेश्वरी मंदिर में दर्शन करने के बाद चेरकी निवासी विक्की कुमार सिंह उर्फ विवेक कुमार स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अमारूत स्कूल के समीप वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पैदल जा रहे वीरेंद्र तिवारी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक दौड़े परिजन, नहीं बची जान

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल वृद्ध को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डोभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि वीरेंद्र तिवारी मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।

हादसे के बाद लोगों ने चालक को पकड़ा

घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो और उसके चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर बहेरा थाना की पुलिस पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। चालक विक्की कुमार सिंह को गिरफ्तार कर थाना ले जाया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!