छोटी बहन को मौत के मुंह में जाता देख तालाब में कूद पड़ा 8 साल का भाई, दोनों मासूमों की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम
जामताड़ा। छोटी बहन को डूबता देख 8 साल के मासूम भाई ने उसे बचाने के लिए अपनी जान की परवाह तक नहीं की और तालाब में छलांग लगा दी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। गहरे पानी में दोनों बच्चे डूब गए। इस हृदयविदारक हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
दर्दनाक घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के आसनहरिया गांव की है। मृत बच्चों की पहचान अबान शेख (8) और उसकी छोटी बहन माहिरा खातून (5) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे दोनों भाई-बहन घर के पास आसनहरिया मोड़ की ओर खेलने निकले थे। काफी देर तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान पता चला कि घर के समीप स्थित तालाब में दोनों बच्चे डूब गए हैं। बताया जाता है कि खेलते समय पहले 5 वर्षीय माहिरा तालाब में गिर गई। छोटी बहन को डूबता देख बड़ा भाई अबान उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा। लेकिन तालाब का पानी गहरा होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।
काफी खोजबीन के बाद तालाब से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। दो मासूमों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ देर पहले बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब चीख-पुकार सुनाई दे रही है। इस हादसे से पूरा आसनहरिया गांव गमगीन है।

