राँची:पीछा करते युवक का वीडियो बना पुलिस का सुराग, CCTV फुटेज से खुली पोल,दुष्कर्म मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

 

राँची।राजधानी राँची के रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में युवती के साथ हुई घटना के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। युवती के साथ हुई घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो युवक शामिल हैं, जबकि एक किशोर है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने से पहले पीड़िता का पीछा कर रहे एक युवक का वीडियो पुलिस के हाथ लगा था। यही वीडियो इस मामले की जांच में अहम सुराग बना और पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

शुक्रवार को पुलिस की ओर से मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि घटना 7 नवंबर 2026 को रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में हुई थी। इस संबंध में पीड़िता के आवेदन पर 8 नवंबर को रातू थाना कांड संख्या 377/26 दर्ज किया गया था। शुरुआत में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 74 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

पीछा करते युवक का वीडियो बना अहम सुराग

पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में डीएसपी (मुख्यालय) द्वितीय अजय आयर्न के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसा वीडियो मिला, जिसमें एक युवक घटनास्थल पर पहुंचने से पहले पीड़िता का पीछा करता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर उससे पूछताछ की गई।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान किशोर ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने दो दोस्तों पंकज लोहरा तथा अंशु राणा के शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में इन दोनों ने भी अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

लोहरदगा और चतरा के युवक भी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में पंकज लोहरा (22 वर्ष), पिता सुखदेव लोहरा, मूल निवासी सिजों गांव, थाना कुडू, जिला लोहरदगा, वर्तमान पता पंडरा, रांची शामिल है। दूसरा आरोपी अंशु राणा (19 वर्ष), पिता संतोष राणा, मूल निवासी खदहिया गांव, थाना सदर, जिला चतरा, वर्तमान पता नवासोसो, रातू,राँची है। इनके अलावा एक किशोर को भी पुलिस ने पकड़ा है।

कपड़े और मोबाइल जब्त, तीनों भेजे जा रहे न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने मामले में साक्ष्य के तौर पर सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों में से एक के घटना के समय पहने हुए कपड़े और मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों युवकों और किशोर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में डीएसपी (मुख्यालय) द्वितीय अजय आयर्न, रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो, नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार राय, पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार, खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार समेत तकनीकी शाखा और रातू थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर मामले का उद्भेदन किया गया है।

error: Content is protected !!