तमाड़ में दरिंदगी… बहला-फुसलाकर नाबालिग को जंगल ले गया, फिर किया दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार
राँची।राजधानी राँची के तमाड़ में नाबालिग बच्ची के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।मिठाई बनाने के लिए चावल का आटा लाने का बहाना बनाकर एक व्यक्ति बच्ची को सुनसान जंगल में ले गया और वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू की और विशेष अनुसंधान दल गठित कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के तामराना गांव निवासी लखविन्द्र मुंडा के रूप में हुई है।
मील ले जाने के बजाय जंगल में ले गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को शाम करीब छह बजे तमाड़ थाना क्षेत्र के तामराना गांव के जंगल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की सूचना मिली थी। इसके बाद पीड़िता की मां ने तमाड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तमाड़ थाना कांड संख्या 73/26 दर्ज किया। इसमें बीएनएस की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार की संलिप्तता
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन और बुंडू एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। इसके बाद लखविन्द्र मुंडा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह बच्ची को पहले से जानता और पहचानता था। घटना के दिन उसने मिठाई बनाने के लिए चावल का आटा लाने के बहाने बच्ची को मील भेजने की बात कही, लेकिन उसे मील ले जाने के बजाय सुनसान जंगल में ले गया। वहां कथित तौर पर जबरन दुष्कर्म किया।
कपड़े भी पुलिस ने किए जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मिट्टी लगे शर्ट समेत अन्य कपड़े जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। इस कार्रवाई में बुंडू एसडीपीओ, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, एसआई शम्भू पंडित, प्रेम सागर सिंह सहित तमाड़ थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।आरोपी को आज जेल भेज दिया गया है।पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

