राँची में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात…माँ के प्रेमी ने 15 साल की बेटी को बनाया हवस का शिकार, राज खुलने के डर से बच्ची को दी धमकी
–बुंडू की घटना ने मानवता को झकझोरा, माँ ने भी बेटी को चुप रहने का बनाया दबाव; डालसा की पहल से पीड़िता को मिला नया आश्रय, आवासीय विद्यालय में कराया गया दाखिला
राँची। माँ का आंचल किसी बच्चे के लिए सबसे सुरक्षित ठिकाना माना जाता है, लेकिन जब उसी रिश्ते के आसपास ऐसी भयावह घटना घटे तो इंसानियत भी शर्मसार हो जाती है। राँची जिले के बुंडू क्षेत्र से सामने आया एक ऐसा ही मामला रिश्तों को झकझोर देने वाला है। यहां नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही 15 वर्षीय नाबालिग के साथ उसकी माँ के कथित प्रेमी ने दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद बच्ची की जिंदगी में डर और असुरक्षा का ऐसा साया छाया कि उसे अपने ही परिवार के पास लौटने से इनकार करना पड़ा।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बच्ची के साथ हुई घटना को छिपाने की कोशिश भी की गई। आरोप है कि माँ ने अपने कथित प्रेमी के इस घृणित कृत्य पर पर्दा डालने का प्रयास किया। बच्ची को धमकी तक दी गई कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे चोट लगने की बात कहनी होगी। यानी जिस बच्ची को इस मुश्किल घड़ी में मां के सहारे की जरूरत थी, उसे ही चुप रहने के लिए दबाव का सामना करना पड़ा।
तबीयत बिगड़ने पर रिम्स में कराया गया भर्ती
घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया। इसी दौरान मामले की जानकारी सामने आई। बच्ची के साथ हुई घटना की भनक मिलते ही पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) ने तत्परता दिखाई और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी माँ के कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
माँ के पास लौटने से बच्ची ने किया इनकार
इलाज के बाद बच्ची को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चुटिया स्थित प्रेमाश्रय में रखा गया। इस संवेदनशील मामले में झारखण्डराज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) ने भी गंभीरता दिखाई। झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष एवं झारखण्ड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश तथा सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), राँची ने पीड़िता की सुरक्षा और भविष्य को लेकर पहल शुरू की।
डालसा सचिव और डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल (डिप्टी एलएडीसी) ने प्रेमाश्रय पहुंचकर बच्ची से मुलाकात की और काफी देर तक उसकी काउंसलिंग की। इस दौरान बच्ची ने अपने मन की बात रखी। वह काफी डरी-सहमी हुई थी। काउंसलिंग के दौरान उसने स्पष्ट कर दिया कि वह अपनी माँ के पास वापस नहीं जाना चाहती। साथ ही उसने अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा भी जाहिर की।
अब आवासीय विद्यालय में पढ़ेगी पीड़िता, भविष्य संवारने की पहल
बच्ची की इच्छा और उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डालसा सचिव ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी से संपर्क किया। इसके बाद पीड़िता का दाखिला एक आवासीय विद्यालय में कराया गया है। इससे बच्ची को न केवल सुरक्षित वातावरण मिलेगा, बल्कि वह बिना किसी भय और दबाव के अपनी पढ़ाई भी जारी रख सकेगी।
इस पूरे मामले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, राँची की पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जहां एक ओर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की, वहीं डालसा ने पीड़िता के पुनर्वास, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी को प्राथमिकता दी।
एक ऐसी बच्ची,जिसका बचपन भयावह अनुभव से गुजर रहा था और जिसने अपनों के बीच भी खुद को असुरक्षित महसूस किया, उसे अब शिक्षा के माध्यम से नई शुरुआत का अवसर मिला है। इस पहल का उद्देश्य सिर्फ उसे सुरक्षित आश्रय देना नहीं, बल्कि उसके टूटे हुए भरोसे को फिर से मजबूत करना और उसे आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ाना भी है।

