मां के गहनों पर बेटे की नजर, चोरी का माल खरीदने वाले दो दुकानदार भी गिरफ्तार

 

चतरा/मयूरहंड।घर की अलमारी से मां के गहने गायब हुए तो मामला थाने पहुंचा। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। चोरी का आरोप किसी बाहरी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि घर के ही बेटे पर लगा। इतना ही नहीं, चोरी के गहनों को खपाने में दो ज्वेलर्स दुकानदारों की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने इस मामले में चोरी के आरोपी युवक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मयूरहंड थाना क्षेत्र के ढोढ़ी गांव निवासी शक्ति कुमार सिंह, करमा निवासी विजय सोनी और इटखोरी निवासी संदीप सोनी शामिल हैं। पुलिस ने बुधवार शाम तीनों को गिरफ्तार किया था। गुरुवार को उन्हें जेल भेज दिया गया।

मां ने बेटे के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी

मामले की शुरुआत ढोढ़ी गांव की सुषमा देवी की शिकायत से हुई। उन्होंने अपने ही पुत्र शक्ति कुमार सिंह पर घर से आभूषण चोरी करने का आरोप लगाते हुए मयूरहंड थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार घर से मांगटीका, सिकड़ी, हाथ के आभूषण समेत कई कीमती गहने गायब कर दिए गए थे।

चोरी के गहने खरीदने वाले दुकानदार भी नहीं बच सके

प्राथमिकी में चोरी करने के साथ-साथ गहनों को बेचने और अवैध रूप से खरीदने वाले दुकानदारों को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शक्ति कुमार सिंह के अलावा गहने खरीदने के आरोप में विजय सोनी और संदीप सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

 

error: Content is protected !!