बिजली ग्रिड में अब फॉल्ट होने से पहले ही पकड़ी जाएगी खराबी, जेयूएसएनएल खरीदेगा अत्याधुनिक थर्मोविजन कैमरा; ब्रेकडाउन पर लगेगी लगाम

 

-2.87 करोड़ रुपये की लागत से 11 हाई-टेक कैमरों से लैस होंगे सब-स्टेशन, 400 केवी ग्रिड में बिना बिजली काटे दूर से ही पकड़े जाएंगे हॉट-स्पॉट और ढीले कनेक्शन

राँची। झारखण्ड में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को फॉल्ट-फ्री और सुदृढ़ बनाने के लिए झारखण्ड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड (JUSNL) ने हाई-टेक कदम उठाया है। ग्रिड सब-स्टेशनों और ट्रांसमिशन लाइनों में अचानक आने वाली तकनीकी खराबी, आग लगने की घटनाओं और ट्रिपिंग को रोकने के लिए निगम अत्याधुनिक ‘थर्मोविज़न कैमरा’ (इन्फ्रारेड थर्मल कैमरा) की खरीद करने जा रहा है।इन विशेष कैमरों की मदद से सब-स्टेशन के संवेदनशील उपकरणों में बढ़ते तापमान की रियल-टाइम निगरानी हो सकेगी। उपकरणों में खराबी आने या उनके जलने से पहले ही थर्मल इमेजिंग के जरिए हॉट-स्पॉट का पता लगा लिया जाएगा, जिससे पावर ब्रेकडाउन से बचा जा सकेगा।

क्या है थर्मोविज़न कैमरा

थर्मोविज़न कैमरा एक अत्याधुनिक इन्फ्रारेड थर्मल इमेजिंग डिवाइस है। यह नंगी आंखों से न दिखने वाली गर्मी (हीट रेडिएशन) को पकड़कर स्क्रीन पर स्पष्ट थर्मल और विजुअल तस्वीर के रूप में दिखाता है।यह कैमरा अत्यधिक इलेक्ट्रो-मैग्नेटिक शोर और चार्ज्ड वातावरण में भी बिना किसी रुकावट के काम करता है। इसमें इन-बिल्ट लेज़र डिस्टेंस मीटर, टच स्क्रीन डिस्प्ले,ऑटो-फोकस और वॉइस रिकॉर्डिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।

इसे क्यों लिया जा रहा है

अक्सर देखा जाता है कि ईएचवी (एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज) सब-स्टेशनों और ट्रांसमिशन लाइनों में ओवरलोडिंग, ढीले कनेक्शन (लूज कॉन्टैक्ट) या उपकरणों के घिसने से अचानक तापमान बढ़ जाता है। यह बढ़ा हुआ तापमान आगे चलकर बड़े ब्रेकडाउन, शॉर्ट-सर्किट या आग का रूप ले लेता है, जिससे घंटों बिजली गुल रहती है और उपकरणों का भारी नुकसान होता है. सामान्य निरीक्षण में अंदरूनी स्पार्किंग या हीट का पता नहीं चल पाता है। इसी जोखिम को खत्म करने और खराबी आने से पहले ही उसे पकड़ने (प्रिवेंटिव व प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस) के लिए इन कैमरों को लिया जा रहा है।

इसका क्या उपयोग है और कहां होगा इस्तेमाल

चार्ज्ड लाइन में जांच: 400 केवी और उससे अधिक क्षमता वाले ग्रिड सब-स्टेशनों में बिना बिजली बंद किए (लाइव लाइन पर) सुरक्षित दूरी से जांच की जा सकेगी।

हॉट-स्पॉट की पहचान: ट्रांसफार्मर, बस डक्ट, एचटी/एलटी स्विचगियर, इंसुलेटर और ट्रांसमिशन लाइनों में उत्पन्न होने वाले अत्यधिक तापमान और ढीले जोड़ों को तुरंत चिन्हित करेगाम

आंकड़ों का विश्लेषण: कैमरे में मौजूद सॉफ्टवेयर से तापमान का विश्लेषण कर समय रहते मेंटेनेंस रिपोर्ट तैयार की जा सकेगी।

कठिन जगहों पर निगरानी: 240 डिग्री तक घूमने वाले टिल्टेबल लेंस की मदद से ऊंचाई और तंग जगहों पर लगे उपकरणों की सटीक जांच संभव होगी।

इस प्रोजेक्ट पर 2.87 करोड़ होगा होगा

इस पूरे प्रोजेक्ट पर कर सहित कुल 2,87,65,254 की अनुमानित लागत आएगी।इसमें कैमरों की आपूर्ति के साथ-साथ 24 महीने (2 साल) की वारंटी शामिल है. वारंटी खत्म होने के बाद अगले 3 वर्षों तक का व्यापक वार्षिक रख-रखाव, नियमित सर्विसिंग और कैलिब्रेशन का खर्च भी इसी व्यवस्था का हिस्सा है।

इन जगहों पर होगी तैनाती

राज्य के अलग-अलग संचरण अंचलों (ज़ोन) में कुल 11 कैमरे तैनात किए जाएंगे।

640×480 पिक्सल रेजोल्यूशन (हाई-एंड): कुल 9 कैमरे
-राँची ज़ोन-I : 1
-जमशेदपुर ज़ोन-III : 3
-हजारीबाग ज़ोन-V : 3
-धनबाद ज़ोन-VII : 2

320×240 पिक्सल रेजोल्यूशन (गन-टाइप पोर्टेबल): कुल 2 कैमरे

-हजारीबाग ज़ोन-V : 2

जानिए इससे जनता और विभाग को क्या होगा फायदा

उपकरणों के जलने से पहले ही खराबी दुरुस्त हो जाएगी, जिससे ग्रिड ट्रिपिंग और लंबे समय तक होने वाली बिजली कटौती से निजात मिलेगी।लाखों-करोड़ों रुपये की लागत वाले पावर ट्रांसफार्मर और ईएचवी उपकरण समय से पहले जलने या खराब होने से बचेंगे।हाई-वोल्टेज उपकरणों के बेहद करीब जाए बिना सुरक्षित दूरी से तापमान मापा जा सकेगा, जिससे कर्मचारियों के साथ होने वाले जानलेवा हादसों का खतरा घटेगा. कैमरों की आपूर्ति से पहले 132 केवी हटिया-I ग्रिड सब-स्टेशन में इसका वास्तविक फील्ड डेमो लेकर तकनीकी मानकों की पूरी परख की जाएगी।

error: Content is protected !!