निशा भगत मौत मामला: गुमला पहुंची एसआईटी को पिता ने लौटाया बैरंग, डीएसपी से दो टूक- इतने दिनों तक कहां सोई थी जांच…बयान देने से किया इनकार,वीडियो…

–बयान लेने गुमला पहुंची राँची पुलिस की टीम को लौटना पड़ा खाली हाथ, पिता हान्दू भगत ने नोटिस लेने से भी किया इनकार; बोले- खुद राँची जाकर रखेंगे अपना पक्ष

गुमला। आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। सीबीआई जांच के आदेश के बीच अब राँची पुलिस की एसआईटी और निशा के परिजनों के बीच एक नया घटनाक्रम सामने आया है। बुधवार को बयान दर्ज करने गुमला पहुंचे एसआईटी के अधिकारियों को निशा भगत के पिता हान्दू भगत ने बैरंग लौटा दिया। पुलिस अधिकारियों को सामने देखते ही वह भावुक हो गए और दोनों हाथ जोड़कर सवाल करने लगे कि आखिर घटना के इतने दिनों बाद पुलिस उनका बयान लेने क्यों पहुंची है? उन्होंने फिलहाल गुमला में बयान देने से साफ इनकार कर दिया। यहां तक कि एसआईटी की ओर से दिए जाने वाले नोटिस को भी लेने से मना कर दिया।

डीएसपी को देखते ही भावुक हुए पिता, पुलिस से पूछे तीखे सवाल

जानकारी के अनुसार, राँची के डीएसपी मुख्यालय-1 अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी की टीम बुधवार को गुमला पहुंची थी। टीम पहले सदर थाना गई। वहां से एसआई कुंदन चौधरी और एसआई निधि गुप्ता को साथ लेकर निशा भगत के डीएसपी रोड स्थित आवास पहुंची। पुलिस का उद्देश्य निशा के पिता हान्दू भगत का बयान दर्ज करना था। उनसे उस प्राथमिकी के संबंध में पूछताछ की जानी थी, जो उन्होंने दर्ज कराई थी।

लेकिन जैसे ही डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बयान दर्ज करने के लिए आने की बात कही, हान्दू भगत भावुक हो गए। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका सवाल था कि जब घटना हुई थी, तब पुलिस ने समय पर उनका बयान क्यों नहीं लिया? इतने दिनों तक पुलिस कहां थी और अब अचानक बयान लेने पहुंचने का क्या औचित्य है? इस दौरान वह लगातार हाथ जोड़कर अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे।

न राँची पुलिस को बयान, न नोटिस स्वीकार; खुद राँची जाने की कही बात

हान्दू भगत ने एसआईटी के अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया कि वह फिलहाल गुमला में अपना बयान नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह खुद राँची जाएंगे और वहां अपना पक्ष रखेंगे। डीएसपी ने उन्हें नोटिस देने की बात कही, लेकिन उन्होंने नोटिस लेने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद एसआईटी की टीम बिना बयान दर्ज किए ही वापस लौट गई।

डीएसपी बोले- दो दिन इंतजार करेंगे, सभी पहलुओं की होगी जांच

एसआईटी की टीम लौटने के बाद डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि टीम निशा भगत के पिता का बयान दर्ज करने पहुंची थी, ताकि अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा सके। लेकिन हान्दू भगत ने फिलहाल बयान देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने दो दिन इंतजार करने और खुद राँची आकर बयान देने की बात कही है।

डीएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि निशा भगत की मौत से जुड़े मामले में सामने आ रहे सभी आरोपों और तमाम पहलुओं की निष्पक्षता से जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।

सीबीआई जांच के आदेश के बीच एसआईटी की कार्रवाई पर उठे सवाल

निशा भगत की मौत के बाद से ही यह मामला चर्चा और विवादों में है। परिजनों और विभिन्न आदिवासी संगठनों की ओर से लगातार निष्पक्ष जांच की मांग उठाई जाती रही है। इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया है। ऐसे में एसआईटी की टीम का गुमला पहुंचना और पिता का बयान दर्ज नहीं हो पाना जांच के लिहाज से एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि हान्दू भगत दो दिन बाद राँची पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराते हैं या नहीं और जांच आगे क्या मोड़ लेती है।

error: Content is protected !!